धान खरीदी केंद्रों में किसानों और ग्रामीणों को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात

Posted On:- 2026-11-28




30 नवंबर से रोस्टर के अनुसार लगेंगे विशेष स्वास्थ्य शिविर, जांच के साथ आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड बनाने की भी मिलेगी सुविधा

बालोद (वीएनएस)।  किसानों और ग्रामीणों के स्वास्थ्य की देखभाल तथा उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में विशेष पहल की जा रही है। अब धान बेचने के लिए उपार्जन केंद्र पहुंचने वाले किसानों और ग्रामीणों को वहीं स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क दवाइयों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं संवेदनशील पहल पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा जिले के समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों को आगामी 30 नवंबर से धान खरीदी केंद्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस पहल का उद्देश्य किसानों और ग्रामीणों को उनके गांव और धान खरीदी केंद्र के नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें सामान्य स्वास्थ्य जांच और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग से अस्पतालों या कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। धान खरीदी के दौरान इन शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

स्वास्थ्य शिविरों में मिलेंगी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं

शिविरों में स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले आरएचओ, सीएचओ, एएनएम और मितानिनों के माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके तहत 30 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों की बीपी, शुगर सहित गैर-संचारी रोगों की जांच की जाएगी। महिलाओं एवं एनीमिया की आशंका वाले लोगों की हीमोग्लोबिन जांच कर आवश्यक परामर्श भी दिया जाएगा तथा आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां भी वितरित की जाएंगी।

इसके साथ ही आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का ई-केवाईसी कर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। वहीं 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता देते हुए आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। मौसमी बीमारियों से पीड़ित लोगों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां भी दी जाएंगी।

नियमित होगी शिविरों की निगरानी

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा खंड चिकित्सा अधिकारियों को शिविरों के लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों के ड्यूटी आदेश जारी करने तथा शिविरों में लाभान्वित हितग्राहियों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि जिले में शुरू की जा रही यह पहल धान खरीदी के साथ जनस्वास्थ्य और जनकल्याण को जोड़ने का सार्थक प्रयास है। इससे किसानों, ग्रामीणों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।



Related News
thumb

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा की संवेदनशील पहल, श्रमिकों को उनके कार्य...

ई-केवाईसी कराने के लिए पंजीकृत श्रमिकों को अपना आधार कार्ड, श्रम पंजीयन कार्ड तथा पंजीकृत मोबाइल नंबर लेकर संबंधित धान खरीदी केंद्र में स्वयं उपस्थ...


thumb

मिशन वात्सल्य एवं मिशन शक्ति के तहत गुरुर व बालोद परियोजना में बाल ...

कार्यशाला में जनपद पंचायत अध्यक्ष, सदस्यगण, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, शिक्षा अधिकारी, समस्त पंचायत सचिव, सेक्टर सुपरवाइजर, पदेन बाल विवाह प्रतिषेध अ...


thumb

जिला न्यायालय में मनाया गया संविधान दिवस, संविधान की उद्देशिका का ह...

कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में इसकी भूमिका तथा नागरिकों को प्राप्त मौलिक अधिकारों एवं उनके कर...


thumb

12 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत

बैठक में विशेष रूप से बैंकों से संबंधित लंबित ऋण वसूली प्रकरणों, बकाया ऋण राशि, ऋण की किश्तों की अदायगी, एनपीए खातों तथा चेक बाउंस से संबंधित राजीन...


thumb

संविधान के आदर्शों से विद्यार्थियों को कराया परिचित

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का अधिकार...