रिकॉर्ड तेजी के बाद सोना-चांदी में जोरदार गिरावट: चांदी 24 हजार और सोना 8 हजार रुपये टूटा

Posted On:- 2026-01-30




नई दिल्ली (वीएनएस)। सोना और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। लगातार रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचने के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली और बाजार में करेक्शन के चलते दोनों कीमती धातुओं के दाम अचानक टूट गए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार की शुरुआत से ही सोना और चांदी लाल निशान में नजर आए।

सबसे ज्यादा दबाव चांदी की कीमतों पर देखने को मिला। MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी करीब 24,000 रुपये टूटकर 3,75,900 रुपये प्रति किलो पर आ गई। इससे एक दिन पहले ही चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था। गुरुवार को इसका भाव 3,99,893 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ था, जबकि लाइफ टाइम हाई 4,20,048 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया था। इस स्तर से एक ही दिन में करीब 44,000 रुपये से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली।

वहीं सोने की कीमतों में भी तेज गिरावट आई। MCX पर सोना खुलते ही करीब 8,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया। लगातार ऊंचाई पर कारोबार के बाद सोने में भी मुनाफावसूली का असर साफ दिखा।

घरेलू सराफा बाजार का हाल
ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, गुरुवार को चांदी ने लगातार चौथे सत्र में तेजी जारी रखते हुए 19,500 रुपये या 5.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,04,500 रुपये प्रति किलो (सभी करों सहित) का रिकॉर्ड बनाया था। वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 12,000 रुपये या 7.02 प्रतिशत उछलकर 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।

जनवरी महीने में अब तक सोने की कीमतों में 24 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है, जो 1980 के बाद की सबसे बड़ी मासिक तेजी मानी जा रही है। वहीं चांदी की कीमतों में इस महीने करीब 62 प्रतिशत का उछाल आया है, जो इसके इतिहास की सबसे बड़ी मासिक बढ़त की ओर इशारा करता है।

प्रमुख शहरों में सोने के भाव (24 कैरेट)
मुंबई में सोना लगभग 1,70,170 रुपये प्रति 10 ग्राम, कोलकाता में 1,69,950 रुपये, दिल्ली में 1,69,880 रुपये, चेन्नई में 1,70,670 रुपये, हैदराबाद में 1,70,440 रुपये और बेंगलुरु में करीब 1,70,310 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। दक्षिण भारत के बाजारों में सोने के दाम उत्तर भारत की तुलना में ऊंचे बने हुए हैं।

चांदी की कीमतें
मुंबई में चांदी करीब 4,01,760 रुपये प्रति किलो, दिल्ली में 4,01,060 रुपये, चेन्नई में 4,02,920 रुपये, हैदराबाद में 4,02,390 रुपये, बेंगलुरु में 4,02,070 रुपये और कोलकाता में करीब 3,86,420 रुपये प्रति किलो रही।

अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी ऑल टाइम हाई के आसपास कारोबार कर रहे हैं, हालांकि शुक्रवार को हल्की नरमी देखने को मिली। कॉमेक्स पर सोना घटकर 5,412.40 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि इससे पहले यह 5,586.20 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुका था। चांदी भी फिसलकर 117.45 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

विश्लेषकों के अनुसार, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, केंद्रीय बैंकों की नीतियों को लेकर असमंजस और भू-राजनीतिक तनाव के चलते सोना-चांदी में लंबी अवधि की मांग बनी हुई है, हालांकि रिकॉर्ड स्तरों के बाद बीच-बीच में ऐसे करेक्शन देखने को मिलते रहेंगे।



Related News
thumb

अब अनजाने में टैक्स छिपाने पर नहीं होगी जेल

वित्त मंत्री निर्मला सीतरमण ने रविवार को पेश किए बजट 2026 में बड़े इनकम टैक्स सुधार का ऐलान किया है। सरकार ने कहा कि अब करदाता को अपराधी की नजर से ...


thumb

सोना-चांदी महंगे, राहत की आस में ज्वेलरी सेक्टर की नजरें बजट पर

भारत का जेम्स एंड ज्वेलरी उद्योग बजट 2026-27 से कुछ ठोस कदमों की उम्मीद कर रहा है ताकि बढ़ती कीमतों, वैश्विक अनिश्चितता और बदलती ग्राहक पसंद के दौर...


thumb

तीन दिन की तेजी के बाद शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 600 अंक से ज...

तीन दिन की लगातार तेजी के बाद शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई।


thumb

सोना-चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, सोना 1.64 लाख और चांदी 3.58 लाख क...

सोने और चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी का सिलसिला जारी है। बुधवार को हाजिर बाजार में सोने ने पहली बार 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का स्तर पार क...


thumb

शेयर बाजार की सपाट शुरुआत, उतार-चढ़ाव के बाद बाजार में दिखी रिकवरी

वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों और भारत–यूरोपीय संघ (ईयू) मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर निवेशकों की सतर्कता के बीच मंगलवार को भारतीय शे...