राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने जलियांवाला बाग के बलिदानियों को किया नमन

Posted On:- 2026-04-13




नई दिल्ली (वीएनएस)। जलियांवाला बाग नरसंहार की बरसी पर पूरा देश प्राणों की आहुति देने वाले अमर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धा और सम्मान के साथ याद कर रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने बलिदानियों को नमन करते हुए उनके बलिदान को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया।

राष्ट्र सदैव उनके प्रति कृतज्ञ रहेगा : मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि जलियांवाला बाग में प्राण न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान देशवासियों में आजादी के प्रति नई चेतना और दृढ़ संकल्प का संचार करने वाला रहा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सदैव उनके प्रति कृतज्ञ रहेगा और उनकी देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।

भारत की अदम्य भावना का प्रतीक है : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका बलिदान भारत की अदम्य भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शहीदों का साहस, त्याग और संकल्प आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता, न्याय और गरिमा के मूल्यों की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा। एक अन्य संदेश में पीएम मोदी ने जलियांवाला बाग नरसंहार को विदेशी शासन की बर्बरता का प्रतीक बताते हुए कहा कि शहीदों की वीरता की गाथा देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत सुभाषितम् भी साझा किया, जिसमें समाज में सकारात्मक, राष्ट्रनिर्माण करने वाली शक्तियों को बढ़ावा देने और विभाजनकारी तथा अन्यायपूर्ण तत्वों का दृढ़ता से विरोध करने का संदेश दिया गया।

इस जघन्य घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया : शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि 13 अप्रैल 1919 को जलियांवाला बाग में निहत्थे लोगों पर की गई अंधाधुंध गोलीबारी ने अंग्रेजी हुकूमत का अमानवीय चेहरा उजागर कर दिया था। उन्होंने कहा कि इस जघन्य घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया और भगत सिंह व ऊधम सिंह जैसे क्रांतिकारियों के मन में स्वतंत्रता की ज्वाला को और प्रज्वलित किया।

उन्होंने इसे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक ऐतिहासिक और निर्णायक मोड़ बताते हुए कहा कि यहीं से आजादी की लड़ाई को नई दिशा और गति मिली, जिसने अंततः भारत को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उनके बलिदान ने देश की सामूहिक चेतना को जगाया : राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 1919 में इस दिन निर्दोष भारतीयों का बलिदान देश के स्वतंत्रता संग्राम का एक निर्णायक और ऐतिहासिक क्षण बना। सिंह ने अपने संदेश में कहा कि उनके बलिदान ने देश की सामूहिक चेतना को जगाया और आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि उनका साहस आज भी पीढ़ियों को न्याय, गरिमा और आत्मसम्मान के लिए खड़े होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने जलियांवाला बाग की घटना को भारतीय इतिहास का एक ऐसा अध्याय बताया, जिसने पूरे राष्ट्र को एकजुट कर स्वतंत्रता के लिए संघर्ष की भावना को और मजबूत किया।



Related News
thumb

गिरफ्तारी से पहले लिखित में बताना होगा कारण, PHQ के नए निर्देश

मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने गिरफ्तारी प्रक्रिया को लेकर बड़ा बदलाव करते हुए नया निर्देश जारी किया है। अब किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार करने से पहले ...


thumb

विधायिका में महिला आरक्षण से संबंधित संवैधानिक प्रावधान लागू

सरकार ने लोकसभा और राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभाओं की एक तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने के संवैधानिक प्रावधान को 16 अप्रैल ...


thumb

तीसरी बार उपसभापति बने हरिवंश नारायण सिंह, पीएम मोदी ने दी बधाई

राज्यसभा में शुक्रवार को एक ऐतिहासिक घटना दर्ज हुई। पहली बार किसी मनोनीत सांसद को उपसभापति पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


thumb

चुनाव से ठीक पहले TMC विधायक के ठिकानों पर IT का छापा

बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक देबाशीष कुमार के ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई ने सियासी माहौल ...


thumb

लोकसभा में पेश किया गया संविधान संशोधन विधेयक 2026

लोकसभा में गुरुवार को संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 को पेश करने की मंजूरी मिल गई। महिलाओं के आरक्षण और परिसीमन को लागू करने के उद्देश्य से ल...


thumb

अब विदेशों से भी चंदा ले सकेगी धीरेंद्र शास्त्री की संस्था, गृह मंत...

केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बाबा बागेश्वर धाम से जुड़ी संस्था को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है।