चेन्नई एयरपोर्ट पर हड़कंप: चलती फ्लाइट से कूदा यात्री, बड़ा हादसा टला

Posted On:- 2026-05-03




चेन्नई (वीएनएस)। रविवार तड़के चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक यात्री ने चलती फ्लाइट का इमरजेंसी दरवाजा खोलकर अचानक छलांग लगा दी। एअर अरेबिया की शारजाह से चेन्नई पहुंची इस फ्लाइट में कुल 231 यात्री सवार थे। घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों के बीच दहशत फैल गई, हालांकि समय रहते सुरक्षाबलों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना उस वक्त हुई जब विमान लैंडिंग के बाद मुख्य रनवे से हटकर टैक्सीवे पर धीमी गति से आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान 34 वर्षीय एक यात्री ने अचानक इमरजेंसी गेट खोल दिया और नीचे कूद गया। इस अप्रत्याशित घटना से विमान के अंदर हड़कंप मच गया। पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को रोका और ग्राउंड सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी।

तबीयत बिगड़ने के चलते उठाया खतरनाक कदम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यात्रा के दौरान यात्री की तबीयत खराब हो गई थी। उसे घबराहट और उल्टी की शिकायत थी, और बताया जा रहा है कि उसने छलांग लगाने से पहले फ्लाइट के अंदर दो बार उल्टी भी की थी। अधिकारियों का मानना है कि अत्यधिक बेचैनी के चलते उसने यह खतरनाक कदम उठाया।

तुरंत कार्रवाई, हिरासत में लिया गया यात्री
सूचना मिलते ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान मौके पर पहुंचे और यात्री को तुरंत हिरासत में ले लिया। एहतियातन बम निरोधक दस्ता भी मौके पर पहुंचा। पायलट की शिकायत के आधार पर यात्री को आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है।

एक घंटे तक रनवे बंद, उड़ानों पर असर
घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा कारणों से सुबह 03:23 बजे से 04:23 बजे तक मुख्य रनवे को बंद कर दिया गया। इस दौरान अन्य फ्लाइट्स को सेकेंडरी रनवे की ओर डायवर्ट किया गया। अधिकारियों ने बताया कि विमान को कोई नुकसान नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

जांच जारी, मानसिक स्थिति की भी होगी जांच
गिरफ्तार यात्री तमिलनाडु के पुदुक्कोट्टई जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। साथ ही, डॉक्टरों की टीम उसकी मानसिक स्थिति का भी आकलन कर रही है, ताकि इस खतरनाक हरकत के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सके।



Related News
thumb

ऑपरेशन ‘म्यूल हंटर’: 17 करोड़ की साइबर ठगी का पर्दाफाश, 21 ठग गिरफ्तार

राजस्थान में साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नागौर पुलिस ने करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है।


thumb

उत्तर भारत में मौसम का कहर: आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन अस्त-...

त्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को चौंका दिया है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब सहित कई इलाकों में रविवार...


thumb

कपिल शर्मा के ‘कैप्स कैफे’ के पास फिर फायरिंग, बिश्नोई गैंग ने दी धमकी

कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा वाले रेस्टोरेंट 'कैप्स कैफे' के पास एक बार फिर गोलीबारी की गई। यह फायरिंग उनके कैफे के पास स्थित रेस्टोरेंट पर की गई। ...


thumb

AC फटने से इमारत में लगी आग, 9 लोगों की मौत

राजधानी दिल्ली के विवेक विहार इलाके से रविवार तड़के दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से एक ही ...


thumb

कांग्रेस सांसद तिवारी ने पंजाब के मुख्यमंत्री मान पर लगे आरोपों पर ...

कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर लग रहे आरोपों को लेकर स्पष्ट जवाब देने की मांग की है।