अटल आरोग्य लैब व्यवस्था पर सवाल: मरीजों को रिपोर्ट के लिए करना पड़ रहा लंबा इंतजार

Posted On:- 2026-06-27




बीजापुर जिला अस्पताल में जांच व्यवस्था चरमराई

बीजापुर (वीएनएस)। जिला चिकित्सालय बीजापुर में अटल आरोग्य लैब के तहत लागू की गई नई जांच व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। अस्पताल की पैथोलॉजी सेवाओं का संचालन संभाल रही HLL Lifecare Limited पर मरीजों को समय पर जांच और रिपोर्ट उपलब्ध नहीं करा पाने के आरोप लग रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद जांच की संख्या घट गई है और रिपोर्ट मिलने में पहले की तुलना में दोगुना से अधिक समय लग रहा है।

जानकारी के अनुसार, पहले जिला अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 133 रक्त जांचें होती थीं, जो अब घटकर लगभग 60 से 65 रह गई हैं। वहीं जिन जांच रिपोर्टों के लिए पहले 6 से 12 घंटे का समय लगता था, अब मरीजों को 24 से 48 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर ओपीडी में आने वाले मरीजों पर पड़ रहा है, जिनका उपचार रिपोर्ट के अभाव में प्रभावित हो रहा है।

रिपोर्ट में देरी से इलाज प्रभावित
मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि रक्त जांच कराने के बाद भी समय पर रिपोर्ट नहीं मिल रही है। डॉक्टरों को जांच रिपोर्ट के अभाव में बीमारी की पुष्टि करने और उपचार शुरू करने में परेशानी हो रही है। कई मरीजों को दोबारा अस्पताल आना पड़ रहा है, जबकि कुछ लोग मजबूरी में निजी लैब का सहारा लेने को विवश हैं।

जांच क्षमता आधी होने का दावा
सूत्रों के अनुसार, नई व्यवस्था लागू होने के बाद अस्पताल की जांच क्षमता लगभग आधी हो गई है। बीजापुर जैसे दूरस्थ और आदिवासी बहुल जिले में बड़ी संख्या में मरीज सरकारी अस्पताल पर निर्भर हैं। ऐसे में जांच सेवाओं में आई कमी स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है।

अनुभवहीन स्टाफ को लेकर भी उठे सवाल
मामले में यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि जांच कार्य के लिए तैनात कुछ तकनीशियनों को आधुनिक मशीनों के संचालन का पर्याप्त अनुभव नहीं है। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि जांच रिपोर्ट की गुणवत्ता और समयबद्धता प्रभावित होगी तो इसका सीधा असर मरीजों के इलाज पर पड़ेगा।

10 दिन बाद इमरजेंसी और भर्ती मरीजों की जांच भी कंपनी के जिम्मे
जानकारी के अनुसार, आगामी दिनों में इमरजेंसी और भर्ती मरीजों की लैब जांच की जिम्मेदारी भी HLL Lifecare Limited को सौंपे जाने की तैयारी है। इसे लेकर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि यदि सामान्य ओपीडी मरीजों की जांच समय पर नहीं हो पा रही है तो गंभीर और आपातकालीन मरीजों की जांच व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा बढ़ सकता है।

सरकारी लैब में रिएजेंट की कमी
इसी बीच अस्पताल की इन-हाउस लैब में कार्यरत कर्मचारियों ने सिविल सर्जन को पत्र लिखकर रिएजेंट की कमी की जानकारी दी है। पत्र में बताया गया है कि ओपीडी जांच का कार्य 16 मई 2026 से HLL को सौंप दिया गया है, जबकि आईपीडी मरीजों की जांच अब भी अस्पताल की लैब में हो रही है। उपलब्ध रिएजेंट का स्टॉक केवल कुछ दिनों के लिए बचा है और समय रहते आपूर्ति नहीं होने पर भर्ती मरीजों की जांच सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं।

स्वास्थ्य अधिकारी ने सुधार का दिया भरोसा
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुजारी ने बताया कि लैब जांच में आ रही समस्याओं को लेकर कंपनी के डिवीजन कोऑर्डिनेटर से चर्चा की गई है। कंपनी ने एक सप्ताह के भीतर स्टाफ को प्रशिक्षण देकर व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि लैब संचालन की पूरी जिम्मेदारी HLL Lifecare Limited की है और भविष्य में जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में भी कंपनी के माध्यम से जांच सेवाएं संचालित की जाएंगी।

हालांकि मौजूदा हालात को देखते हुए मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो अस्पताल परिसर में विरोध की स्थिति भी बन सकती है।



Related News
thumb

डिजिटल दुनिया से विश्व पटल तक पहुंचेगा छत्तीसगढ़ का पर्यटन : मंत्री ...

छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं को देश-दुनिया तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से लखनपुर (अंबिकाप...


thumb

बेटियां हर क्षेत्र में बढ़ रही आगे : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्स...


thumb

मजदूरी की मजबूरी क़ो दिखाया ठेंगा, अब है आइसक्रीम दुकान की राजकुमारी

सरसीवा के टाटा बिलासपुर गांव क़ो लोग अब राजकुमारी साहू के गांव के नाम से जानने लगेंगे।राजकुमारी ने अपनी संघर्ष और स्वावलंबन की एक ऐसी अमिट इबारत लिख...


thumb

सघन कुष्ठ खोज अभियान में लोगों क़ो सहयोग करने कलेक्टर ने की अपील

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले के नागरिकों से वीडियो अपील जारी करते हुए कहा कि, हमारे जिले को कुष्ठ मुक्त जिला बनाने की ओर हम अग्रसर हैं। 15 जून...


thumb

VNS की खबर का असर: PMGSY में बढ़ी हलचल, निरीक्षण के बाद जारी होने ल...

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) में करोड़ों रुपये के लंबित भुगतान और 12 सड़कों को कागजों में पूर्ण दर्शाने के मामले को विजन न्यूज़ सर्विस द्व...