’तहसील कार्यालय पहुंचीं कलेक्टर, लंबित प्रकरणों की समीक्षा’

Posted On:- 2026-08-05




कोरिया (वीएनएस)। कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने बुधवार को पोड़ी तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व कार्यों की प्रगति एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तहसील कार्यालय पहुंचते ही उन्होंने लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और विभिन्न पंजी एवं अभिलेखों का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान समय पर पंजी में अभिलेख अद्यतन नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित कर्मचारी को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यों में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सभी रिकॉर्ड नियमित रूप से अद्यतन रखे जाएं ताकि आम नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

कलेक्टर ने तहसील कार्यालय के प्रत्येक कक्ष में जाकर कार्यालयीन व्यवस्था, अभिलेख संधारण एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने तहसीलदार को निर्देशित किया कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक रूप से किसी भी प्रकरण को लंबित न रखा जाए।

कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, समयबद्ध एवं जनहितकारी कार्य संस्कृति अपनाते हुए प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व मामलों एवं नागरिक सेवाओं में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।

कलेक्टर ने एग्रीस्टेक पंजीयन सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्यों को भी तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं और किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी कर्मचारियों से कार्य की जानकारी प्राप्त की और कहा कि आज का समय डिजिटल कार्य प्रणाली का है, ऐसे में सभी कर्मचारी कंप्यूटर कार्यों में दक्ष हों। उन्होंने कहा कि तहसील एवं अनुविभागीय कार्यालयों में किसानों, ग्रामीणों सहित विभिन्न वर्गों से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी होती है, इसलिए अधिकारी-कर्मचारी जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें।

कलेक्टर ने आरआई एवं पटवारियों के साथ बैठक लेकर विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकरण में प्रतिवेदन देने में जानबूझकर देरी किए जाने से आम नागरिकों को परेशानी होती है और वे जनदर्शन सहित अन्य माध्यमों से शिकायत करते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आरआई, पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव, कृषि विस्तार अधिकारी, ग्राम सेवक और कोटवार सभी आपस में समन्वय बनाकर कार्य करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि हर सोमवार को पटवारी एवं ग्राम सचिव मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। अनुपस्थित पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर ने तहसीलदार को निर्देशित किया कि वे स्वयं गांवों का दौरा करें, आम लोगों से मुलाकात करें और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करें। इस दौरान एडीएम सुरेन्द्र वैद्य भी उपस्थित रहे।



Related News
thumb

​छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में बढ़ा दाखिले का दायरा, प्रवेश अब 31 अगस्त तक

उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ा दी है


thumb

सालेम इंग्लिश स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

सालेम इंग्लिश स्कूल, रायपुर में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया।


thumb

स्वतंत्रता दिवस पर दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में गूंजे राष्ट्रभक्ति और...

5 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड में चल रहे पवन समयोपदेश वर्षा योग 2026 के शुभवसर पर विविध धार्मिक एवं दे...


thumb

सूर्यास्त के पहले ही उतारा गया तिरंगा, सरपंच-सचिव की लापरवाही उजागर

बिलाईगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत छपोरा में सरपँच सचिव की बड़ी लापरवाही सामने आई है। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मौके पर फहराए गये राष्ट्रीय तिरंगे झं...


thumb

पंचतत्वों के संतुलन और प्रकृति संरक्षण से ही मानव जीवन सुरक्षित : ड...

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजनांदगांव प्रवास के दौरान एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत भारतरत्न अटल बिहारी...


thumb

कलेक्टर ने अपने निवास में किया ध्वजारोहण

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजनांदगांव शहर के रामकृष्ण नगर स्थित अपने निवास में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित...