’हरेली बर्ड फेस्टिवल 2026’ : प्रकृति, संस्कृति और नागरिक विज्ञान का अनूठा संगम

Posted On:- 2026-08-13




जगदलपुर (वीएनएस)। प्रदेश की समृद्ध प्राकृतिक धरोहर और परिंदों की दुनिया को सहेजने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा एक बड़ा जन-अभियान शुरू किया जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य जैव विविधता बोर्ड द्वारा हरेली बर्ड फेस्टिवल 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन केवल पक्षियों की गिनती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य की समृद्ध संस्कृति, अमूल्य प्रकृति और जन-भागीदारी को आपस में जोड़ने वाला एक राष्ट्रीय स्तर का नागरिक विज्ञान अभियान है। वर्ष 2025 में आयोजित किए गए पायलट प्रोजेक्ट के बेहद उत्साहजनक परिणामों के बाद अब वर्ष 2026 में इसे पूरे राज्य में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।

इस अनूठे बर्ड फेस्टिवल की शुरुआत छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकपर्व हरेली के पावन अवसर पर 14 से 16 अगस्त के मध्य की जा रही है। अगस्त का महीना चुनने के पीछे कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक एवं प्राकृतिक कारण हैं। मानसून के इस समय में छत्तीसगढ़ चारों ओर हरी-भरी प्रकृति से आच्छादित रहता है, जो पक्षियों के लिए एक अनुकूल वातावरण निर्मित करता है। यह समय अधिकांश स्थानीय पक्षियों का प्रजनन काल भी होता है, जब पक्षी अपनी विविध गतिविधियों में व्यस्त रहते हैं। इसके अतिरिक्त इस दौरान एशियन ओपनबिल स्टॉर्क, बगुले और हेरॉन जैसे पक्षी समूहों में बड़े वृक्षों पर घोंसले बनाते हैं, जिससे उनके अध्ययन और गणना में वैज्ञानिक सुगमता रहती है।

इस अभियान का मुख्य ध्येय छत्तीसगढ़ के स्थानीय पक्षियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पटल पर विशेष पहचान दिलाना है। इसके माध्यम से राज्य के शहरी, ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के लोगों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ा जाएगा, जिससे लोक जैव विविधता पंजी के लिए प्रामाणिक वैज्ञानिक डेटा प्राप्त हो सके। अभियान के तहत आर्द्र भूमि, कृषि क्षेत्रों तथा ग्रामीण व शहरी आवासों में मौजूद पक्षियों का वैज्ञानिक प्रलेखन किया जाएगा। यह व्यापक डेटा आगे चलकर राज्य की जैव विविधता प्रबंधन समितियों को सशक्त बनाने और पक्षी आवासों के दीर्घकालिक संरक्षण की नीतियां तैयार करने में मील का पत्थर साबित होगा।

इस अभियान में राज्य के सभी 33 जिलों के 146 विकासखंडों के साथ-साथ प्रमुख राष्ट्रीय उद्यानों एवं अभयारण्यों को शामिल किया गया है। अभियान के अंतर्गत लगभग 1,500 से 2,000 स्वयंसेवक, शोधकर्ता, पक्षी विशेषज्ञ, वन विभाग के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और स्थानीय समुदाय के लोग एक साथ मिलकर पक्षियों की गणना और अवलोकन करेंगे। पक्षी गणना के दौरान जुटाई गई समस्त जानकारियों को वैज्ञानिक पद्धतियों के अनुरूप ई-बर्ड मोबाइल ऐप पर दर्ज किया जाएगा। इसके बाद बर्ड काउंट इंडिया और अन्य सहयोगी संस्थाओं के माध्यम से इन आंकड़ों का विश्लेषण कर एक प्रामाणिक पक्षी डेटाबेस तथा ज्ञान-पुस्तक प्रकाशित की जाएगी।

छत्तीसगढ़ राज्य जैव विविधता बोर्ड के नेतृत्व में आयोजित हो रहे इस व्यापक कार्यक्रम में बर्ड्स एंड वाइल्डलाइफ ऑफ छत्तीसगढ़, फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्योरिटी, युवान, छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा, छत्तीसगढ़ वाइल्ड लाइफ सोसायटी, बर्ड काउंट इंडिया, ई-बर्ड इंडिया और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया जैसी प्रतिष्ठित संस्थाएं सह-आयोजक के रूप में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। गौरतलब है कि राज्य का 44 प्रतिशत भाग वनक्षेत्र और 4.1 प्रतिशत जलीय क्षेत्र होने के कारण यहाँ जैव विविधता की अपार संभावनाएं हैं। वर्तमान में ई-बर्ड पोर्टल पर राज्य के 1,747 पक्षी प्रेमियों द्वारा 448 पक्षी प्रजातियों की उपस्थिति दर्ज की जा चुकी है, और हरेली बर्ड फेस्टिवल 2026 के जरिए इस आंकड़े को एक नया और वैज्ञानिक विस्तार मिलने जा रहा है।



Related News
thumb

प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक...

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में कृषि, पशुधन चिकित्सा, मत्स्...


thumb

नियम विरूद्ध कीटनाशी का व्यापार करने वाले विक्रेताओं पर कृषि विभाग ...

कृषि विभाग द्वारा किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक कृषि आदान उपलब्ध कराने तथा कीटनाशकों के अवैध एवं नियम विरूद्ध व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण के उद...


thumb

मोबाईल कैम्पों के माध्यम से श्रमिक पंजीयन के लिए किए जा रहे आवेदन

श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए एसओपी अंतर्गत जिले के नगरीय निकायों के वार्डों एवं ग्राम पंचायतों में मोबाईल कैम्प का आयोजन...


thumb

महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त से प्रिया पाण्डेय की रक्षाबंधन की ...

महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को मिल रही नियमित आर्थिक सहायता उनके परिवार की छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही...


thumb

मिनीमात बांगो बांध के जलस्तर में 5 सेमी. गिरावट

24 अगस्त को सुबह 8ः00 बजे से शाम 4ः30 के बीच बांगो बांध में पानी का आवक कम होने से जलस्तर में 5 सेमी. गिरावट पायी गयी। कार्यपालन अभियंता एस के भा...


thumb

जलकर बकाया पर सरचार्ज में 50 फीसदी की छूट

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की विकसित कॉलोनियों में आबंटित संपत्तियों के बकायादारों के लिए राहत की योजना लागू की गई है। इसके तहत्...