मोहला (वीएनएस)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने जिले के मानपुर विकासखंड में विभिन्न जनहितकारी संस्थानों एवं सुविधाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) एवं सेवा सेतु केंद्र का शुभारंभ करते हुए कहा कि इन संस्थानों के माध्यम से आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही महिलाओं एवं युवाओं को प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
राज्यसभा सांसद वर्मा ने मानपुर में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) का शुभारंभ किया। उन्होंने आरसेटी में संचालित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं ट्रेड की जानकारी ली। संबंधित अधिकारी ने बताया कि आरसेटी में प्रथम बैच का प्रशिक्षण प्रारंभ किया जा रहा है, जिसमें महिलाओं को पशु सखी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वर्मा ने प्रशिक्षणार्थी महिलाओं से संवाद कर प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी ली और उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शासन एवं जिला प्रशासन के सहयोग से प्रारंभ किए गए आरसेटी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं एवं महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण को केवल सीखने तक सीमित न रखें, बल्कि इसे आर्थिक सशक्तिकरण और स्वरोजगार का माध्यम बनाएं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद हितग्राहियों को स्वरोजगार से जोड़ने हरसंभव सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण कक्ष का अवलोकन भी किया।
राज्यसभा सांसद वर्मा ने अनुविभागीय कार्यालय मानपुर परिसर में सेवा सेतु केंद्र का भी शुभारंभ किया। उन्होंने केंद्र के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं की जानकारी ली तथा सेवा सेतु से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद किया। मानपुर निवासी कुलदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने सेवा सेतु के माध्यम से आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था, जो उन्हें मात्र चार दिनों में प्राप्त हो गया। इसी प्रकार आर्यन कुमार एवं सुलेमान ने बताया कि सेवा सेतु केंद्र में आवेदन करने के बाद उन्हें छह दिनों में जाति प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। हितग्राहियों ने समयबद्ध तरीके से दस्तावेज उपलब्ध होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन की इस पहल की सराहना की।
राज्यसभा सांसद वर्मा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं एवं आवश्यक दस्तावेज सरल, सुगम और समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। सेवा सेतु जैसे केंद्रों से लोगों को शासकीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करते हुए जनहित में संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करें, ताकि आमजन को बिना किसी परेशानी के समय-सीमा में आवश्यक दस्तावेज एवं शासकीय सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, एसएसपी यशपाल सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मांडवी, जनपद सदस्य रेणु टांडिया, जनप्रतिनिधि दिलीप वर्मा, मदन साहू, एसडीएम मानपुर अमित नाथ योगी, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को संगठित कर उन्हें आजीविका के स्थायी साधनों से जोड़ने की दिशा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित ‘...
एमसीबी जिले के ग्राम चनवारीडांड की रहने वाली अनीता सिंह बिहान योजना के अंतर्गत स्व-सहायता समूह से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। रक...
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 01 जून से 26 अगस्त तक 913.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है।
ग्राम सोमनी में गणेशोत्सव को इस वर्ष भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। गणेशोत्सव के आयोजन के लिए ‘सोमनी का महाराजा सार्...
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी आदिवासी अंचल की तीन होनहार बेटियों ने अपनी मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण से चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखन...