विशेष लेख : जल जीवन मिशन में धमतरी जिले की उल्लेखनीय उपलब्धि, छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान

Posted On:- 2026-08-20




530 ग्रामों में हर घर जल की सुविधा, चार बहुग्रामीय जल प्रदाय योजनाओं से 219 गांव होंगे लाभान्वित

धमतरी (वीएनएस)। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाने की दिशा में धमतरी जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। हर घर जल अभियान के तहत धमतरी जिला पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान पर है। जिले के कुल 622 ग्रामों में से लगभग 530 ग्रामों में हर घर जल की उपलब्धि हासिल की जा चुकी है। इस प्रकार जिले के 85 प्रतिशत से अधिक गांवों में ग्रामीण परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाना नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नियमित, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराकर जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है। इस दिशा में जिले में जल स्रोतों की उपलब्धता, स्थानीय परिस्थितियों और भविष्य की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जल प्रदाय व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है।

जल संकट वाले क्षेत्रों में चार बड़ी बहुग्रामीय जल प्रदाय योजनाएं

जिले के ऐसे क्षेत्रों, जहां भूजल स्तर कम होने अथवा गर्मी के मौसम में जल संकट की स्थिति निर्मित होती है, वहां बहुग्रामीय जल प्रदाय योजना (मल्टी विलेज स्कीम) के माध्यम से स्थायी पेयजल व्यवस्था विकसित की जा रही है। जिले में चार प्रमुख योजनाओं का निर्माण किया जा रहा है, जिनसे कुल 219 गांव लाभान्वित होंगे।

इनमें कुरूद विकासखंड की सिर्री बहुग्रामीय जल प्रदाय योजना से 84 गांव, मगरलोड की मेघा योजना से 59 गांव, नगरी की घटुला योजना से 36 गांव तथा नगरी की सांकरा योजना से 40 गांव लाभान्वित होंगे। इन योजनाओं के माध्यम से विश्वसनीय जल स्रोतों से पाइपलाइन नेटवर्क द्वारा अनेक गांवों तक पेयजल पहुंचाया जाएगा। इससे गर्मी के दिनों में जलस्तर कम होने वाले क्षेत्रों में भी पेयजल की स्थायी उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

महिलाओं और बच्चों को मिलेगा समय और श्रम का लाभ

घर-घर नल कनेक्शन की सुविधा से ग्रामीण परिवारों के दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को दूर स्थित हैंडपंप, कुएं अथवा अन्य जल स्रोतों से पानी लाने में लगने वाले समय एवं श्रम से राहत मिलेगी। बचने वाले समय का उपयोग महिलाएं आजीविका, रोजगार, परिवार की देखभाल और अन्य सामाजिक गतिविधियों में कर सकेंगी। वहीं बच्चों को पढ़ाई एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए अधिक समय मिल सकेगा।

स्वास्थ्य, स्वच्छता और जीवन स्तर में सुधार

घरों में नियमित एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता से व्यक्तिगत स्वच्छता, घरेलू साफ-सफाई और सुरक्षित पेयजल के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। इससे ग्रामीण परिवारों के स्वास्थ्य एवं जीवन स्तर में सुधार के साथ गांवों में स्वच्छता संबंधी व्यवहार को भी मजबूती मिलेगी। जल सुरक्षा के साथ-साथ यह पहल महिलाओं के सशक्तीकरण, बच्चों की शिक्षा और ग्रामीण परिवारों की सुविधा बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जल जीवन मिशन शासन की प्राथमिकता वाली योजना है, जिसका सीधा संबंध ग्रामीण परिवारों के स्वास्थ्य, सम्मान और जीवन की सहजता से है। धमतरी जिले का राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करना अधिकारियों, मैदानी अमले, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिले के शेष गांवों को भी हर घर जल की सुविधा से जोड़ने के लिए कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है। जल स्रोतों की स्थिरता, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और नियमित जलापूर्ति पर विशेष ध्यान देते हुए धमतरी को पूर्णतः नल-जलयुक्त जिला बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास जारी रहेंगे।

धमतरी जिले में 530 ग्रामों की हर घर जल उपलब्धि तथा 219 गांवों को लाभान्वित करने वाली चार बहुग्रामीय जल प्रदाय योजनाएं ग्रामीण जल सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। यह उपलब्धि ‘हर घर जल’ को जनसुविधा से आगे बढ़ाकर जल सुरक्षा और ग्रामीण विकास का आधार बनाने की जिले की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।



Related News
thumb

कलेक्टर ने योजना की प्रक्रिया, ऋण, सब्सिडी व बिलिंग की दी विस्तृत ज...

जिले के छुरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम केशोटोला में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सूर्य सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर...


thumb

ग्राम केशोटोला में आवास वाटिका के तहत 200 फलदार पौधों का रोपण

जिले के छुरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम केशोटोला में आवास वाटिका के तहत 200 फलदार पौधों का रोपण किया गया। कलेक्टर जितेन्द्र यादव सहित उपस्थित जनप्रत...


thumb

कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बुचाटोला का किया निरीक्षण

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने छुरिया विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बुचाटोला का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध चिकित्सा ...


thumb

कलेक्टर ने आदिवासी बुनकर सहकारी समिति बुचाटोला का किया निरीक्षण

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने छुरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम बुचाटोला के आदिवासी बुनकर सहकारी समिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समिति में कार्यर...


thumb

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केन्द्र कल्लूबंजारी का किया निरीक्षण

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने छुरिया विकासखंड के ग्राम कल्लूबंजारी स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं...


thumb

कलेक्टर ग्राम कल्लूबंजारी में प्रधानमंत्री आवास के गृह प्रवेश में ह...

कलेक्टर जितेन्द्र यादव छुरिया विकासखंड के ग्राम कल्लूबंजारी में प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही झुनीबाई साहू के नवनिर्मित आवास के गृह प्रवेश क...