नई दिल्ली(वीएनएस)।भाजपा मुख्यालय में रविवार को राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश प्रभारियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें उत्तर प्रदेश और गुजरात सहित सात चुनावी राज्यों की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में जमीनी स्तर पर लोगों और युवाओं से संवाद बढ़ाने के उपायों पर जोर दिया गया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों से पांच घंटे से अधिक समय तक संवाद किया था।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठन से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक अहम बैठक की। इसमें खास तौर पर उत्तर प्रदेश और गुजरात सहित अगले साल सात राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारी, प्रदेश इकाइयों के अध्यक्ष और अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि यहां भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में पार्टी की प्रदेश इकाइयों के प्रभारी भी मौजूद रहे। सूत्रों ने बताया कि बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष भी उपस्थित थे। बैठक में जमीनी स्तर पर लोगों तक पहुंच बढ़ाने और युवाओं से जुड़ने के उपायों पर चर्चा की गई, खासकर उन राज्यों में जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
हालांकि, भाजपा की ओर से इस बैठक को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अगले साल पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों में से पंजाब और हिमाचल प्रदेश को छोड़कर बाकी पांच राज्यों में भाजपा सत्ता में है।
पंजाब में अभी आम आदमी पार्टी की सरकार है, जबकि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सत्तारूढ़ है। इस संबंध में एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘यह संगठन से जुड़े कई मामलों पर चर्चा करने के लिए एक अहम बैठक थी, जिसमें मुख्य रूप से अगले सालराज्यों में होने वाले चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों और रणनीति पर ध्यान दिया गया।’’ यह घटनाक्रम नवीन की पार्टी के सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ पहली बैठक के एक दिन बाद हुआ है। इसमें भाजपा की राष्ट्रीय टीम के पूर्व पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
भाजपा अध्यक्ष की अध्यक्षता में शनिवार को हुई एक अन्य बैठक में पार्टी के प्रदेश इकाई अध्यक्ष और संगठन सचिव भी उपस्थित थे। शनिवार को दिन भर चली बैठक के बाद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय का दौरा किया और पार्टी के सभी 67 नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों से बातचीत की। प्रधानमंत्री की यह बैठक पांच घंटे से अधिक समय तक चली।
मोदी ने पार्टी नेताओं के साथ अपनी बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए एक पोस्ट में कहा, ‘‘संगठनात्मक बैठकें नए विचारों और नजरिए के बारे में होती हैं, जिनका उद्देश्य पार्टी को मजबूत करना और लोगों के साथ जुड़ाव को प्रगाढ़ करना होता है। पार्टी के साथियों और नई संगठनात्मक टीम के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई।’’ सूत्रों ने बताया कि मोदी ने सभी पदाधिकारियों की बात सुनी और ‘महत्वपूर्ण सुझाव’ दिए। संबंधित एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान, प्रधानमंत्री ने सभी की बातें बहुत ध्यान से सुनीं और साथ ही अपने सुझावों के जरिए उन्हें मार्गदर्शन भी दिया।
मोदी ने नए पदाधिकारियों से लोगों तक अपनी पहुंच बढ़ाने और युवाओं से जुड़ने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने जमीन से जुड़े रहने और जमीनी स्तर पर अधिक सक्रियता दिखाने की आवश्यकता को भी रेखांकित किया।
सरकारी स्कूलों में बाहरी लोगों के जाने और वीडियोग्राफी पर रोक लगाने के राजस्थान सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के सर्कुलर को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती ...
महाराष्ट्र में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के पुणे में छात्रों के साथ हुए संवाद कार्यक्रम को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है।
दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर राहुल गांधी को रियल लाइफ बैटमैन बताने वाले पोस्टर चर्चा में हैं। हाल ही में एक सोशल मीडिया सत्र के दौरान राहुल...
महाराष्ट्र भाजपा के उपाध्यक्ष केशव उपाध्ये ने पुणे में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है
बसपा प्रमुख मायावती ने आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग का कड़ा विरोध करते हुए इसे संवैधानिक उद्देश्यों के विपरीत बताया है। उन्होंने तर्क दिया कि जाति...