धमतरी नगर निगम : ₹15 करोड़ से अधिक की योजना स्वीकृत, शहर के बुनियादी ढांचे और पर्यटन को मिलेगा नया रूप

Posted On:- 2026-09-02




धमतरी (वीएनएस)। धमतरी शहर को सुव्यवस्थित, सुविधायुक्त और आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप शहर में सड़क, आवागमन, पर्यटन, खेल, आवास और शहरी अधोसंरचना के क्षेत्र में एक साथ कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रानी दुर्गावती चौक से ब्रम्ह चौक, बिलाई माता मंदिर होते हुए नहर नाका एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक तक आरसीसी डिवाइडर, आरसीसी नाली एवं स्ट्रीट लाइट पोल सहित गौरव पथ रोड निर्माण के लिए 15 करोड़ 09 लाख 31 हजार रुपए की अंतिम स्वीकृति प्रदान की गई है।

मालूम  हो कि सिहावा रोड और रत्नाबांधा रोड के फोरलेन की स्वीकृति के अंबेडकर चौक से रुद्री तक फोरलेन तथा रुद्री से गंगरेल मार्ग के चौड़ीकरण की भी स्वीकृति मिल गई है। इन दोनों महत्वपूर्ण मार्गों के विकास से शहर के यातायात को सुगम बनाने के साथ-साथ धमतरी से गंगरेल आने-जाने वाले लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी। धमतरी विधानसभा क्षेत्र में धमतरी-गंगरेल-कुकरेल मार्ग लंबाई 18.50 किलो मीटर के निर्माण कार्य हेतु राशि रू 81.43 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति पर सहमति वित्त विभाग द्वारा प्रदान कर दी गई है।

यह महत्वपूर्ण परियोजना शहर के प्रमुख मार्गों को बेहतर स्वरूप देने के साथ यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने और रात्रिकालीन आवागमन को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। गौरव पथ के निर्माण से शहर के विकास को एक नया आयाम मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय  सोच  है कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक शहर को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर अधोसंरचना से सुसज्जित करना है। इसी तारतम्य में धमतरी में हो रहे विकास कार्य शहर की आवश्यकता और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं। सड़क, पर्यटन, खेल और नागरिक सुविधाओं का विस्तार धमतरी को एक विकसित और सुविधायुक्त शहर के रूप में आगे ले जाएगा।

राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि धमतरी के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। शहर में अधोसंरचना विकास के साथ नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। गौरव पथ जैसी परियोजनाएं शहर की पहचान को बेहतर बनाने के साथ आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति देंगी।

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। गौरव पथ, अर्बन चैलेंज फंड से प्रस्तावित परियोजनाएं, खेल सुविधाओं का विस्तार तथा सौंदर्यीकरण के कार्य शहर को बेहतर स्वरूप प्रदान करेंगे। नगर निगम नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहा है।

महापौर रोहरा ने गौरव पथ सहित शहर में स्वीकृत एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव तथा राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा धमतरी शहर के विकास के लिए दी जा रही प्राथमिकता से शहर में अधोसंरचना विकास को नई दिशा और गति मिली है।

उन्होंने कहा कि शासन के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन के सहयोग से धमतरी को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं नागरिक सुविधाओं से संपन्न शहर बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। गौरव पथ जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति शहरवासियों की लंबे समय से अपेक्षित सुविधाओं को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

महापौर रामू रोहरा और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की मैदानी सक्रियता से इन परियोजनाओं की प्रगति की लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने हाल ही में रुद्री चौक के समीप प्रस्तावित चौपाटी स्थल, गौरव पथ, जालमपुर वार्ड में प्रस्तावित स्पोर्ट्स क्लब, रामसागर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास तथा गांधी मैदान के समीप प्रस्तावित अर्बन चैलेंज फंड कॉम्प्लेक्स का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक परियोजना में गुणवत्ता, उपयोगिता, सौंदर्यीकरण और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।

रुद्री क्षेत्र में प्रस्तावित चौपाटी और अन्य पर्यटन विकास कार्यों से शहरवासियों के लिए मनोरंजन एवं नागरिक सुविधाओं के नए अवसर विकसित होंगे। वहीं खेल अधोसंरचना के विस्तार से युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। अर्बन चैलेंज फंड के माध्यम से प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स और स्पोर्ट्स क्लब शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होंगे।

प्रशासन द्वारा विकास कार्यों में पारदर्शिता, तकनीकी मानकों और शासन के निर्धारित प्रावधानों के पालन पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। स्वीकृत राशि का उपयोग केवल स्वीकृत कार्यों में किया जाएगा तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी।

इस तरह सड़क और यातायात से लेकर पर्यटन, खेल, आवास, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं तक विभिन्न क्षेत्रों में समानांतर प्रयासों से धमतरी शहर के चौतरफा विकास की मजबूत आधारशिला तैयार हो रही है। यह विकास यात्रा आने वाले समय में धमतरी को अधिक सुव्यवस्थित, सुंदर, सुविधायुक्त और आधुनिक शहर के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।



Related News
thumb

बांधों में बढ़ता जलस्तर, गंगरेल से 4 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया

जिले में लगातार हो रही वर्षा एवं बांधों में पानी की आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग द्वारा जलाशयों की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है।


thumb

हर पात्र परिवार तक सौर ऊर्जा, हर श्रमिक तक शासन की योजनाओं का लाभ

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के यूएलए मॉडल के प्रभावी क्रियान्वयन, सौर ऊर्जा के विस्तार तथा ...


thumb

सोशल मीडिया में वायरल विडियो के संबंध में जांच टीम गठित

सोशल मीडिया में प्रसारित समाचार के संबंध में मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ० धीरेन्द्र अग्रवाल से संबंधित प्रकर...


thumb

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर जन्म और मृत्यु प्...

जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय द्वारा राज्य शासन के जन्म और मृत्यु पंजीकरण के संशोधित नियम वर्ष 2023 अंतर्गत जन्म/मृत्यु पंजीकरण प्रणाली की कलेक...


thumb

जिले में 01 जून से अब तक 7566.9 मिमी वर्षा दर्ज, औसत का 87.8 प्रतिशत

भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में 01 जून से 02 सितम्बर 2026 तक कुल 7566.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। जबकि पिछले 10 वर्षों की इस अवधि...