विशेष लेख : मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से दूरस्थ अंचलों में आसान हुआ आवागमन

Posted On:- 2026-10-03




जशपुर (वीएनएस)। जिस गांव में कभी बस की पहुंच नहीं थी, आज वहां बस के आते ही बच्चों के चेहरे खिल उठते हैं। सड़क पर बस दिखाई देते ही बच्चे हाथ हिलाकर खुशी जाहिर करते हैं और हॉर्न की आवाज सुनते ही ग्रामीण घरों से बाहर निकल आते हैं। यह सिर्फ बस के आने की खुशी नहीं, बल्कि अपने गांव के शहर, नगर और विकासखंड मुख्यालय से आसानी से जुड़ने की नई उम्मीद है।

बस में सफर करते हुए ग्रामीण उन दिनों को याद करते हैं, जब उन्हें जरूरी काम के लिए पैदल चलना पड़ता था या किसी निजी वाहन का सहारा लेना पड़ता था। अब परिस्थितियां बदल रही हैं।

स्कूल के बच्चे समय पर विद्यालय पहुंच रहे हैं, वहीं अधिकारी-कर्मचारी भी अपने कार्यस्थल तक आसानी से पहुंच पा रहे हैं। यह बदलाव केवल आवागमन की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण परिवारों के जीवन में नए अवसर और नई संभावनाएं लेकर आया है।

यह परिवर्तन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से संभव हो रहा है। योजना के तहत उन गांवों तक बस सेवा पहुंचाई जा रही है, जहां पहले सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। जशपुर जैसे पहाड़ी और दूरस्थ जिले में यह पहल ग्रामीणों के लिए विशेष राहत लेकर आई है।

पहाड़ी अंचल की महिलाओं को मिली राहत

बगीचा विकासखंड के सन्ना निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता निकुंज बताती हैं कि पहले उन्हें पास के गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंचने के लिए किसी से लिफ्ट लेनी पड़ती थी। कई बार निजी वाहन का सहारा लेना पड़ता था या पैदल जाना पड़ता था। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यह काफी कठिन होता था।

अब ग्रामीण बस सेवा शुरू होने से उनकी यह समस्या दूर हो गई है। वे कहती हैं, “यह बस मेरे लिए बहुत बढ़िया साधन बन गई है।”

ग्रामीणों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

बस में सफर कर रहे ग्राम मरंगी निवासी दशरथ भगत बताते हैं कि पहले इस सड़क पर बस नहीं चलती थी, इसलिए उन्हें पैदल ही आना-जाना करना पड़ता था। अब बस सेवा शुरू होने से बगीचा तक पहुंचना आसान हो गया है। वे कहते हैं, “अब मुख्यमंत्री जी की पहल से बस शुरू हो गई है। हम आसानी से बगीचा जाते हैं और समय पर वापस भी लौट आते हैं।”

यात्री मंगलराम बताते हैं कि पहले वे छिछली और चंपा जैसे बाजारों तक पैदल जाया करते थे। अब बस आने से उनका आवागमन आसान हो गया है। वे कहते हैं, “अब बस आने से बहुत सुविधा हो गई है। हम सब बहुत खुश हैं।”

शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरी सेवाओं तक आसान पहुंच

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से न केवल ग्रामीणों की यात्रा सुगम हुई है, बल्कि उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और प्रशासनिक कार्यों के लिए मुख्यालय तक पहुंचने में भी सुविधा मिल रही है। नियमित बस सेवा से दूरस्थ गांवों के लोगों के लिए जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान हो रही है।

जशपुर जैसे पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों में परिवहन की सुविधा ग्रामीण जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। गांवों तक बस पहुंचने से दूरी कम हो रही है और ग्रामीणों का शहर एवं मुख्यालयों से संपर्क मजबूत हो रहा है। जशपुर में लगभग 16 बस का संचालन किया जा रहा है। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने और विकास की नई संभावनाओं तक पहुंच बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।



Related News
thumb

प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने किया दिव्यांग विद्यालय का निरीक्षण...

सशक्त एमसीबी-सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में जनसेवा, संवेदनशीलता और जरूरतमंदों तक सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर पहल की जा ...


thumb

गांधी-शास्त्री जयंती पर 2 अक्टूबर को राज्यपाल के गोद ग्राम सोनपुरी ...

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जन्मजयंती के अवसर पर खैरागढ़ जिले में माननीय राज्यपाल के गोद ग्राम स...


thumb

विशेष ग्राम सभा में ग्रामीण विकास सहित बाल विवाह व नशा मुक्ति पर दि...

जिले में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं...


thumb

छत्तीसगढ़ में इस मानसून 102.1% औसत बारिश दर्ज

.राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी 03 अक्टूबर 2026 तक के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में पूरे राज्य में सामान्य से बेहतर वर्षा...


thumb

ग्राम सभा में चमके स्वच्छता प्रहरी : ‘रिफॉर्म उत्सव’ के साथ हुआ उत्...

भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय के निर्देश एवं कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशानुसार 02 अक्टूबर 2026 गांधी जयंती के अवसर पर जिला जशपुर की समस्त ग...