ईरान के खिलाफ युद्ध से महंगा हुआ तेल : ट्रम्प

Posted On:- 2026-10-24




वाशिंगटन/नई दिल्ली (वीएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने माना कि ईरान के साथ चल रहे युद्ध की वजह से तेल की कीमतें बढ़ी हैं और इससे अमेरिकी परिवारों पर आर्थिक बोझ पड़ा है। हालांकि उन्होंने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए यह कीमत चुकाना जरूरी था। 

ट्रंप ने कहा कि जब उन्होंने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का फैसला लिया था, तब उन्हें पहले से अंदाजा था कि ऊर्जा की कीमतें बढ़ सकती हैं। फिर भी उनका कहना था कि यह संघर्ष जल्द खत्म होगा और पेट्रोल की कीमतें तेजी से नीचे आएंगी। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब तीन नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनावों की तैयारी चल रही है। बढ़ती महंगाई और जीवनयापन की लागत अमेरिकी मतदाताओं के लिए एक बड़ा मुद्दा बनी हुई है जबकि रिपब्लिकन पार्टी कांग्रेस पर अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश कर रही है।

जब उनसे पूछा गया कि बढ़ती कीमतों का बोझ आम लोगों पर पड़ रहा है, तो ट्रंप ने कहा, "ईरान जैसे बहुत बुरे देश से परमाणु हथियार छीनने के लिए यह एक छोटी सी कीमत है।"

ऊर्जा की कीमतों पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्हें पहले से पता था कि तेल महंगा होगा लेकिन उनके मुताबिक सैन्य कार्रवाई से बचा नहीं जा सकता था। उन्होंने कहा क‍ि कीमतें पहले काफी कम थीं और मुझे पता था कि ऐसा होगा लेकिन यह एक फैसला था जो लेना जरूरी था।

ट्रंप ने दोहराया कि ईरान परमाणु हथियार हासिल नहीं कर सकता क्योंकि वह दुनिया में आतंकवाद को समर्थन देने वाले सबसे बड़े देशों में से एक है। उन्होंने कहा क‍ि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए। ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता। इसलिए मुझे यह कदम उठाने पर गर्व है।

हालांकि ट्रंप ने युद्ध खत्म होने की कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई, लेकिन उन्होंने कहा कि संघर्ष जल्द समाप्त हो सकता है।उन्होंने कहा क‍ि मुझे लगता है कि यह जल्द खत्म होगा। किसी समझौते के जरिए या किसी और तरीके से, लेकिन यह खत्म होगा।

उनके इस बयान से यह संकेत मिला कि बातचीत के अलावा आगे और सैन्य कार्रवाई की संभावना भी बनी रह सकती है। वहीं प्रशासन अमेरिकी लोगों को यह भरोसा दिलाने की कोशिश कर रहा है कि युद्ध के आर्थिक असर लंबे समय तक नहीं रहेंगे।

फोर्ट मायर्स में एक अलग रिपब्लिकन चुनावी रैली के दौरान भी ट्रंप ने इस मुद्दे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने सैन्य कार्रवाई से पहले संभावित आर्थिक असर पर विचार किया था। ट्रंप ने बताया कि ईरान के खिलाफ अभियान शुरू होने से पहले उन्होंने आयोवा में पेट्रोल की कीमतें 1.85 डॉलर और 1.95 डॉलर प्रति गैलन तक देखी थीं।

उन्होंने कहा कि इसके बाद उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारियों से कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। ट्रंप ने यह दावा भी किया कि युद्ध के बावजूद होर्मुज स्‍ट्रेट से तेल की आवाजाही बढ़ी है।

उन्होंने कहा, "होर्मुज स्‍ट्रेट से बहुत बड़ी मात्रा में तेल गुजर रहा है। हैरानी की बात यह है कि युद्ध से पहले के मुकाबले अब ज्यादा तेल वहां से आ रहा है।"
ट्रंप के अनुसार, यह संभव हो पाया है क्योंकि इलाके में अमेरिकी नौसेना और अमेरिकी सैन्य बल सक्रिय हैं। हालांकि, उपलब्ध जानकारी में होर्मुज स्‍ट्रेट से तेल शिपमेंट बढ़ने के उनके दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।



Related News
thumb

ईरान संघर्ष विराम के लिए कूटनीतिक प्रयास दोगुने करेगा ब्रिटेन

ब्रिटेन ने ईरान संघर्ष विराम के लिए अपने कूटनीतिक प्रयासों को और तेज करने का फैसला किया है।


thumb

तुर्की और कनाडा के बीच रणनीतिक साझेदारी पर बनी सहमत‍ि

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने तुर्की की पहली आधिकारिक यात्रा के दौरान राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन से भेंट की।


thumb

सऊदी के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला, 1 भारतीय समेत 2 की मौत

सऊदी अरब में बुधवार देर रात किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए भीषण हमले में दो लोगों की मौत हो गई है। इनमें से एक भारतीय नागरिक है, वहीं आठ घायलों...


thumb

जापान 20 अक्टूबर को लॉन्च करेगा अंतरिक्ष यान

जापान की अंतरिक्ष एजेंसी 20 अक्टूबर 2026 को एक अंतरिक्ष यान लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।


thumb

डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस सचिव केटी जकारिया को हटाया

अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी प्रेस सचिव केटी जकारिया को पद से हटा दिया है। उन्हें बीते हफ्ते ही व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव नियुक्त किया गया था।