पानी, सफाई और पेंशन मुद्दे पर कांग्रेस का निगम घेराव, जमकर प्रदर्शन

Posted On:- 2026-05-19




दुर्ग (वीएनएस)। शहर में गहराते जल संकट, बदहाल सफाई व्यवस्था, बिजली समस्या, लंबित पेंशन और नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और प्रतिपक्ष नेता संजय कोहले के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक निगम कार्यालय पहुंचे और शहर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान पानी की समस्या को लेकर कांग्रेसियों ने खाली मटके फोड़कर विरोध जताया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी निर्मित हो गई। पुलिस प्रशासन ने घेराव को रोकने के लिए निगम कार्यालय के बाहर दो से तीन लेयर की बैरिकेडिंग की थी। प्रदर्शनकारी एक बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ गए, जिसके बाद कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शहर की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन पिछले लगभग छह माह से हितग्राहियों को नहीं दी गई है, जिससे जरूरतमंद लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्ग शहर के कई वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है और जहां पानी मिल रहा है वहां कम दबाव और दूषित पानी की शिकायतें हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने सफाई व्यवस्था को भी पूरी तरह चरमराई हुई बताते हुए कहा कि नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

उन्होंने भाजपा की “ट्रिपल इंजन सरकार” पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश और शहर दोनों स्तर पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है तथा विकास कार्य ठप पड़े हैं।

प्रतिपक्ष नेता संजय कोहले ने कहा कि शहर में समय पर कचरा उठाव नहीं हो रहा है, जिससे कई स्थानों पर गंदगी और दुर्गंध फैली हुई है। विशेष रूप से रविशंकर स्टेडियम और धमधा नाका ओवरब्रिज के आसपास हालात बेहद खराब हैं। उन्होंने कहा कि कई वार्डों में स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं और निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। साथ ही नगर निगम की टेंडर प्रक्रिया में भारी अनियमितता का आरोप लगाते हुए उन्होंने एसओआर दर से अधिक के टेंडरों को निरस्त करने की मांग की।

पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि दुर्ग शहर की जनता को पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए तरसना नगर निगम की विफल कार्यप्रणाली को दर्शाता है। वहीं पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि शहर की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन निगम प्रशासन उदासीन बना हुआ है।

प्रदर्शन में ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, पूर्व विधायक अरुण वोरा, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद, पूर्व पार्षद और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Related News
thumb

वनों को उजाड़ने वाले PMGSY विभाग पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

बीजापुर में वन मण्डल बीजापुर सामान्य के तहत आने वाले वन परिक्षेत्र बीजापुर, गंगालूर, भैरमगढ़, आवापल्ली एवं पामेड़ में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना...


thumb

छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा जांच के दायरे में: रविवि में संकाय नेतृत्व नि...

पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU), रायपुर द्वारा जारी अधिसूचना क्रमांक 3415/अका./2026 दिनांक 14 मई 2026 के बाद, छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा नियु...


thumb

गंदगी मिलने पर आइसक्रीम फैक्ट्री पर 25 हजार का जुर्माना

नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्रांतर्गत जोन-2 वैशाली नगर के वार्ड क्रमांक 21 कैलाश नगर में संचालित एक आइसक्रीम फैक्ट्री पर निगम प्रशासन ने बड़ी कार्रवा...


thumb

निगम आयुक्त ने किया नाला चौड़ीकरण का निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने के नि...

नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने जोन-01 नेहरू नगर क्षेत्र में चल रहे नाला रिटर्निंग वॉल एवं अतिक्रमण की स्थिति का बारीकी से नि...


thumb

ग्राम पंचायत पलांदुर में जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन

सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत जनपद पंचायत डोंगरगढ़ के ग्राम पंचायत पलांदुर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्राम पंचायत पलांदुर,...