भोरमदेव में महाचतुर शुद्धि सहस्र कलशम्: वैदिक व शैव आगम अनुष्ठानों से जागृत हुई आध्यात्मिक ऊर्जा

Posted On:- 2026-07-28




कवर्धा (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ के 'खजुराहो' के नाम से प्रसिद्ध ऐतिहासिक भोरमदेव महादेव मंदिर में महा दिव्य देशम् फाउंडेशन (एसएमडीडीएफ) एवं भोरमदेव सनातन तीर्थ समिति, कबीरधाम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय 'महाचतुर शुद्धि सहस्र कलशम्-2026' श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं के दिव्य वातावरण में संपन्न हो रहा है। देशभर से आए श्रद्धालु इस महाअनुष्ठान में सहभागिता कर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कर रहे हैं। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि वैदिक एवं शैव आगम परंपरा के उन दुर्लभ संस्कारों का पुनर्जागरण है, जिनका उद्देश्य मंदिर, प्रकृति और समाज की आध्यात्मिक चेतना को पुनः जागृत करना है।

महाअनुष्ठान के चौथे दिन मंगलवार को कलशाभिषेक, अष्टदिक्पालक आवाहन, शिवलिंग स्थापन, योगिनी त्वरिता पूजा तथा विशेष संगीत, नृत्य एवं वाद्य अर्चना जैसे दुर्लभ अनुष्ठान संपन्न हुए। केरल से आए वैदिक आचार्यों ने शैव आगम परंपरा के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोरमदेव का कलशाभिषेक कराया। तांबे एवं पीतल के पवित्र कलशों में गंगाजल, पंचगव्य, औषधियां, आम के पत्ते और नारियल स्थापित कर देवशक्ति का आवाहन किया गया। इसके पश्चात अभिमंत्रित कलशों के जल से शिवलिंग का अभिषेक कर मंदिर, क्षेत्र और समस्त मानव समाज के कल्याण की प्रार्थना की गई।

इसके बाद अष्टदिक्पालक आवाहन के अंतर्गत आठों दिशाओं के अधिष्ठाता देवताओं इंद्र, अग्नि, यम, नैऋति, वरुण, वायु, कुबेर और ईशान का वैदिक मंत्रों के साथ आवाहन किया गया। उनसे संपूर्ण अनुष्ठान की निर्विघ्न सिद्धि, क्षेत्र की रक्षा, विश्व शांति और लोकमंगल की कामना की गई।

महाअनुष्ठान के दौरान शिवलिंग स्थापन की पवित्र प्रक्रिया भी संपन्न हुई। वैदिक एवं शैव आगम विधि के अनुसार भगवान शिव का आवाहन, प्राण प्रतिष्ठा और अभिषेक कर शिवलिंग को दिव्य चेतना से संपन्न पूजनीय स्वरूप प्रदान किया गया। इसे देवशक्ति के पुनर्जागरण और मंदिर की आध्यात्मिक ऊर्जा के पुनर्संचार का प्रतीक माना जाता है।

इसी क्रम में योगिनी त्वरिता पूजा के माध्यम से शक्ति स्वरूपा मां त्वरिता की आराधना कर अनुष्ठान की सफलता, आध्यात्मिक उन्नति, सकारात्मक ऊर्जा तथा समस्त विघ्न-बाधाओं की शांति की प्रार्थना की गई। शाक्त एवं शैव परंपराओं में इस पूजा का विशेष महत्व माना जाता है।

शाम को भगवान भोरमदेव के समक्ष विशेष संगीत, नृत्य एवं वाद्य अर्चना प्रस्तुत की गई। केरल के पारंपरिक वाद्ययंत्रों नादस्वरम, चेंडा और मृदंगम की मंगलध्वनि तथा भक्तिमय शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियों से पूरा मंदिर परिसर शिवमय वातावरण में सराबोर हो गया। सनातन परंपरा में संगीत और नृत्य को ईश्वर की उपासना का दिव्य माध्यम माना गया है। भगवान शिव स्वयं नटराज स्वरूप में नृत्य और संगीत के अधिष्ठाता हैं, इसलिए यह अर्चना भक्ति, समर्पण और दिव्य चेतना का विशेष प्रतीक मानी जाती है।

महाअनुष्ठान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सपत्नीक शामिल हुए और भगवान भोरमदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके साथ पंडरिया विधायक भावना बोहरा, शद्दाणी दरबार के संत तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पूजा-अर्चना में सहभागिता की।

एसएमडीडीएफ के संस्थापक आर.आर. जी ने कहा कि महाचतुर शुद्धि सहस्र कलशम्-2026 का उद्देश्य भोरमदेव मंदिर को केवल आस्था या पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, वैदिक ज्ञान और शैव आगम परंपरा के जीवंत आध्यात्मिक ऊर्जा केंद्र के रूप में पुनः प्रतिष्ठित करना है। उन्होंने कहा कि यह अनुष्ठान केवल भोरमदेव मंदिर ही नहीं, बल्कि संपूर्ण कबीरधाम, छत्तीसगढ़ और समस्त समाज के आध्यात्मिक कल्याण के लिए समर्पित है। देव प्रेरणा से संपन्न हो रहे इस महाअनुष्ठान से मंदिर की प्राणशक्ति, चेतना और आध्यात्मिक ऊर्जा का पुनर्जागरण हो रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव पूरे क्षेत्र पर पड़ेगा।

महाअनुष्ठान का अंतिम दिवस बुधवार, 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) को मनाया जाएगा। इस अवसर पर सहस्र कलशाभिषेक, उषा पूजा, शिवलिंग निमज्जनम् तथा सायंकाल श्रीचक्र पूजा के साथ महाअनुष्ठान का भव्य समापन होगा। आयोजन समिति ने कबीरधाम सहित प्रदेशभर के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दिव्य आध्यात्मिक अनुष्ठान का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।



Related News
thumb

रायगढ़ कलेक्ट्रेट में ACB की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार

रायगढ़ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कलेक्ट्रेट के एक बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है


thumb

कबीरधाम को मिला नया एसपी, IPS जितेंद्र कुमार यादव ने संभाला पदभार

आईपीएस जितेंद्र कुमार यादव ने मंगलवार को जिला कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वे पुलिस अधीक्षक, बीजापुर के पद प...


thumb

विकास का कोई विकल्प नहीं: टंक राम वर्मा

रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड अंतर्गत ग्राम टंडवा में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कुल 8.32 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और ...


thumb

विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर सुधा सोसाइटी फाउंडेशन ने दिया पर्यावर...

विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर सुधा सोसाइटी फाउंडेशन द्वारा सैफायर ग्रीन, रायपुर के निवासियों के बीच 50 निःशुल्क पौधों का वितरण कर पर्यावरण सं


thumb

सहकारिता क्षेत्र को और मजबूत बनाने पर दें जोर : केदार कश्यप

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई गति देने और बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली।