जिले में सुगम यातायात और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, ब्लैक स्पॉट सुधार के दिए निर्देश

Posted On:- 2026-08-18




बेमेतरा (वीएनएस)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं एवं पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य, लोक निर्माण विभाग, परिवहन, स्वास्थ्य, नेशनल हाईवे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सुगम यातायात व्यवस्था बनाने पर विशेष जोर : 

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि जिले में बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए प्रशासन के साथ नागरिकों का सकारात्मक सहयोग भी आवश्यक है।

उन्होंने शहर के मुख्य बाजार, बस स्टैंड तथा स्कूल-कॉलेजों के सामने नो पार्किंग जोन को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। अवैध पार्किंग के विरुद्ध नगर पालिका एवं पुलिस को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने कहा गया। सभी स्कूलों के 200 मीटर के दायरे में स्पीड ब्रेकर, “स्कूल आगे है” संकेतक बोर्ड तथा ट्रैफिक वॉलंटियर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्कूल बसों की फिटनेस जांच एवं चालकों के सत्यापन को अनिवार्य करने के साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा वाहन चलाकर स्कूल आने पर पूर्ण प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने कहा। सड़कों के किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने, सड़क पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को हटाने तथा सड़क किनारे अवैध रूप से व्यापार करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात पुलिस की ड्यूटी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सख्त कार्रवाई : 

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जन जागरूकता के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने जिले में पिछले तीन माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि अधिकांश दुर्घटनाओं के पीछे तेज गति से वाहन चलाना, शराब के नशे में वाहन चलाना, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना तथा गलत दिशा में वाहन चलाना प्रमुख कारण हैं।

चिन्हित ब्लैक स्पॉट का होगा सुधार : 

बैठक में जिले के दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य मांगों पर स्थित घुमावदार मोड़ों एवं बिना सिग्नल वाले चौराहों की पहचान कर वहां रंबल स्ट्रिप, रेडियम पट्टी एवं चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों तथा बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रतिदिन सघन जांच अभियान चलाने कहा गया। भारी वाहनों में ओवरलोडिंग पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

स्कूल-कॉलेजों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम : 

सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से स्कूल-कॉलेजों में कार्यशाला आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” का संदेश आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

आपातकालीन सेवाओं को मिलेगा ग्रीन कॉरिडोर : 

बैठक में एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड को त्वरित आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूत करने का निर्णय लिया गया। चौक-चौराहों पर हूटर एवं सायरन सुनते ही वाहन चालकों द्वारा रास्ता देने को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

दुर्घटना की स्थिति में गोल्डन आवर के दौरान घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एवं 112 सेवाओं को और अधिक सक्रिय करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को ट्रॉमा सेंटर में आवश्यक दवाइयों एवं उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा गया।

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की साझा जिम्मेदारी है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित कार्यों की नियमित समीक्षा करें और हर माह प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जिले का लक्ष्य “शून्य दुर्घटना” है और इसे प्राप्त करने के लिए प्रशासन, पुलिस एवं आमजन को मिलकर निरंतर प्रयास करना होगा।

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने सभी अधिकारियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा आम नागरिकों को भी सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने की अपील की।



Related News
thumb

जिले में अब तक 440.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

चालू बारिश सीजन के दौरान बेमेतरा जिले में 01 जून 2026 से 18 अगस्त 2026 प्रतिवेदित दिनांक तक की स्थिति में सवेरे 8.00 बजे तक जिले में 440.6 मि.मी. औ...


thumb

राष्ट्रपति भवन में गूंजी धमतरी की मांदर थाप, सरईटोला के कलाकारों ने...

छत्तीसगढ़ की धरती अपनी समृद्ध आदिवासी लोककला, जीवंत परंपराओं और सामुदायिक सांस्कृतिक विरासत के लिए देशभर में विशिष्ट पहचान रखती है।


thumb

सुरक्षा गार्ड प्रशिक्षण के लिए आवेदन 25 तक

जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज धमतरी में सुरक्षा गार्ड का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। सहायक परियोजना अधिकारी ने बताया कि जिले के ऐसे बेरोजगार युव...


thumb

भटकी हुई 12 वर्षीय बालिका की पहचान के लिए पुलिस ने आमजन से मांगी मदद

ग्राम चैनपुर में भटकते हुए मिली लगभग 12 वर्षीय बालिका की पहचान के लिए जिला प्रशासन एवं बाल संरक्षण विभाग ने आमजन से सहयोग की अपील की है।


thumb

सेवा सेतु से मिली समय पर सेवा, तीन दिवस में जारी हुआ आय प्रमाण पत्र

शासन द्वारा नागरिक सेवाओं को सरल, सुगम एवं समयबद्ध बनाने की दिशा में सेवा सेतु पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पोर्टल एवं आधार सेवा केंद्रों ...


thumb

यह केवल प्रशिक्षण अभ्यास है, नागरिक घबराएं नहीं, शांति बनाए रखें, म...

जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आज बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर टेबल टॉप एक्सरसाईज का अयोजन किया गया था, जिसमें संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो...