योजनाओं के सफल और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए टीम वर्क जरूरी : योगेन्द्र

Posted On:- 2026-10-30




कोरिया (वीएनएस)। सभी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए जरूरी है कि सभी ग्राम पंचायत में कार्यरत पूरी टीम आपसी समन्वय बनाकर पूरे टीमवर्क से अपने दायित्वों का गंभीरता से निवर्हन करे। आम नागरिकों का जीवन सुलभ बनाने के लिए सभी योजनाएं संचालित की जा रही हैं और इसका वास्तविक लाभ दिलाने में ग्राम पंचायत की अहम भूमिका है। 

उक्ताशय के विचार व्यक्त करते हुए मुख्यकार्यपालन अधिकारी योगेन्द्र श्रीवास ने बैकुण्ठपुर जनपद पंचायत की पूरी टीम के साथ समीक्षा बैठक कर योजनाओं की प्रगति का आंकलन किया। ग्राम पंचायत वार समीक्षा करते हुए उन्होने आवश्यक प्रगति के लिए ग्राम पंचायतों के प्रभारी तकनीकी सहायकों, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए साथ ही कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने वाले तकनीकी सहायक, तीन ग्राम पंचायत सचिव और और चार ग्राम रोजगार सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान पंचायत की उपसंचालक कुसुम, जनपद पंचायत के सीईओ तथा सभी योजनाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थ्ति रहे।

’प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और सोलर दीदियों पर बात’

समीक्षा बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ योगेन्द्र श्रीवास ने कलेक्टर कोरिया रोक्तिमा यादव के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत में अत्यंत वंचित वर्ग के हितग्राहियो के लिए प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली योजना की प्रगति पर बात की। उन्होने सोलर दीदियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए हितग्राहियों के चयन तथा दस्तावेजीकरण पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत सचिवों को सोलर उर्जा के तहत प्रत्येक पक्के मकान में सौर संयंत्र लगाने हेतु बिजली उपभोक्ताओं को प्रेरित करने के लिए निरंतर संवाद करने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होने कहा कि ग्राम पंचायतों में जितने भी संपन्न वर्ग के नागरिक हैं उन्हे प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जोड़े और ज्यादा से ज्यादा नागरिकों को इसका लाभ दिलाएं।

’प्रधानमंत्री आवास की प्रगति में संवाद जरूरी’

कोरिया जिले में स्वीकृत और पूर्ण प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत सीईओ योगेन्द्र ने लंबित आवास कार्यों के लिए निरंतर जनसंपर्क कर हितग्राहियों के लिए संसाधन जुटाए जाने के लिए ग्राम पंचायतों को आगे आकर कार्य करने के निर्देश दिए। नए प्रधानमंत्री आवास के लक्ष्य अनुसार हितग्राहियों के आवश्यक दस्तावेजी करण पर बात करते हुए उन्होने एक सप्ताह में सभी नवीन हितग्राहियों के दस्तावेज आनलाइन दर्ज कराए जाने के निर्देश दिए। लंबे समय से राशि अंतरित होने के बाद भी कार्य आरंभ ना करने वाले हितग्राहियों को वसूली के प्रकरण बनाकर राजस्व न्यायालय से संबंधित राशि वसूली कराए जाने के निर्देश दिए।

’बालिका शौचालय और मुक्तिधाम निर्माण की समीक्षा’

समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ योगेन्द्र ने ग्राम पंचायतों में स्वीकृत सभी 128 बालिका शौचालयों के निर्माण की प्रगति की ग्रामवार समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्य आगामी एक माह मे तेजी से पूर्ण कराएं। उन्होने ग्राम पंचायतों के आम नागरिकों की सहूलियत को ध्यान में रखकर मुक्तिधाम के कार्यों को जल्द प्रारंभ कर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। विकसित भारत जीरामजी के कार्यों में एक नवंबर से कोई भी नवीन कार्य आरंभ नहीं कराने के निर्देश देते हुए उन्होने सभी एजेंसियों को निहित प्रावधानों के अनुरूप निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।

’सामुदायिक स्वच्छता के लिए शौचालय पूर्ण कराएं’

स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण कार्यों की पूर्णता के साथ ही हितग्राहियों केे आवश्यक दस्तावेज जल्द जिला पंचायत में प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए योगेन्द्र श्रीवास ने कहा कि सामुदायिक स्वच्छता के लिए ग्राम पंचायतों की मांग अनुसार जिले में 70 से अधिक सामुदायिक शौचालय बनाए जा रहे हैं इनकी उपयोगिता पर विशेष ध्यान देकर सभी प्रगतिरत कार्य जल्द पूर्ण कराएं।

’समर्थ व संपदा पोर्टल पर आनलाइन प्रगति की समीक्षा’

पंचायत विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए सीईओ योगेन्द्र ने कहा कि आगामी सोलहवें वित्त योजनांतर्गत उन ग्राम पंचायतों को राशि आबंटन होगा जो स्वयं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कार्य कर रही हैं। ऐसे में सभी ग्राम पंचायतों में समर्थ पोर्टल पर निर्धारित कर की नियमित इंट्री करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायतों में उपलब्ध संसाधनों को संपदा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए निर्देश देते हुए उनहोने पंद्रहवें वित्त की राशि से स्वीकृत सभी कार्यों को आगामी दो माह में अनिवार्य तौर पर पूर्ण कराए जाने के निर्देश भी दिए। उन्होने कहा कि अब कम्यूटर में आनलाइन पोर्टल पर ही सभी आंकड़े दर्ज होते हैं इसलिए सभी ग्राम पंचायत सचिवों को आनलाइन कार्य के लिए दक्ष होने की आवश्यकता है।



Related News
thumb

तहसीलदार-नायब तहसीलदारों की नई पदस्थापना

राजस्व प्रशासन की व्यवस्था में बदलाव करते हुए जिला प्रशासन ने तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की नई पदस्थापना की है।


thumb

दंतेवाड़ा जिले में एसएचवीआर एवं डब्लूयएएसएच विषय पर 750 शिक्षकों को...

दंतेवाड़ा जिले के शासकीय विद्यालयों को स्वच्छ, सुरक्षित, स्वस्थ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा महत्वपूर...



thumb

जगदलपुर नगर पालिक निगम का सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों का विशेष ऑ...

विश्व शौचालय दिवस 2026 के अवसर पर नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा शहर के सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए विशेष अभ...



thumb

बहुउद्देशीय कर्मचारी,रसोइया के पद पर भर्ती के लिए वॉक-इन-इंटरव्यू 4...

भारत शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर महासमुंद में बहुउद्देशीय कर्मचारी/रसोइया के एक रिक्त पद पर भर्ती के लिए इच...