‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ के संकल्प के साथ मनेन्द्रगढ़ में भव्य राज्योत्सव का आयोजन

Posted On:- 2026-11-03




विधायक रेणुका सिंह ने किया शुभारंभ, 22 से अधिक विभागीय स्टॉलों में दिखी विकास की झलक

एमसीबी (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनेन्द्रगढ़ के स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ की थीम पर आयोजित समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली विद्यार्थियों, कलाकारों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।

26 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ: रेणुका सिंह

मुख्य अतिथि विधायक रेणुका सिंह ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में गठित छत्तीसगढ़ ने बीते 26 वर्षों में विकास की नई पहचान बनाई है। राज्य का बजट लगभग 5 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2026-27 में 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प साकार करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। इस दौरान उन्होंने चिरमिरी-नागपुर रेललाइन, और जिले में सड़क एवं आवास निर्माण की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण, हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 22 से अधिक स्टॉलों में शासन की योजनाओं, उपलब्धियों एवं नवाचारों का प्रदर्शन किया गया। विधायक रेणुका सिंह ने कलेक्टर संतन देवी जांगड़े के साथ स्टॉलों का निरीक्षण कर जानकारी ली। इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को श्रमिक पंजीयन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मोटराइज्ड साइकिल, व्हीलचेयर, वनाधिकार पट्टा, स्वच्छता किट, आइस बॉक्स एवं मछली पकड़ने के जाल सहित विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया गया।

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने स्वागत उद्बोधन में जिले की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 2022 में एमसीबी जिले के गठन के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क, पर्यटन एवं आजीविका के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हुई है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार से जोड़ने को प्राथमिकता बताते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी की सहभागिता का आह्वान किया।

लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या में स्कूली विद्यार्थियों ने सुआ, करमा सहित पारंपरिक लोक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। मुंबई से आईं गुरशीत कौर की गजल, रायपुर के राहुल ठाकुर के फिल्मी गीत तथा दामिनी पुरी के सितार वादन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। छत्तीसगढ़ी गायक एवं जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। नेत्रहीन विद्यालय के बच्चों के सामूहिक गीत को दर्शकों ने खूब सराहा। कलाकारों एवं प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, चिरमिरी महापौर रामनरेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा सरजू यादव सहित विभिन्न नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम, अपर कलेक्टर नम्रता डोंगरे, लिंगराज सिदार, एसडीएम शशि शेखर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



Related News
thumb

राज्योत्सव में महिला सशक्तिकरण और सुपोषित बचपन की प्रेरक तस्वीर

छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व्यापार परिसर में आयोजित राज्योत्सव में महिला एवं बाल वि...


thumb

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने रायपुर में निजी अस्पताल और पीपल वन का उद्...

अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रायपुर में 'आर्टेमिस शांति अस्पताल' का लोकार्पण किया तथा पर्यावरण संरक्...


thumb

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 : नवा रायपुर में राज्योत्सव की धूम रही

तीन दिवसीय राज्योत्सव 2026 का शानदार आयोजन नवा रायपुर में हो रहा है। मुख्यमंच से हो रहे शानदार प्रस्तुतिकरण के तो क्या ही कहने।


thumb

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 2 नवम्बर को जशपुर प्रवास के दौरान जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का...


thumb

लंबित कार्यों का प्राथमिकता से निराकरण करें : सचिव मुकेश कुमार

लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में विभाग के उच्च अधिकारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।


thumb

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल का कि...

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 2 नवम्बर को जशपुर प्रवास के दौरान पॉलिटेक्निक कॉलेज में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत संचालित 50 सीटर मेडिकल क...