तालाबों-जलाशयों में उगने वाली अजोला बनी आजीविका और खेती का आधार

Posted On:- 2026-07-27




ग्राम पंचायत अमाली की आदिवासी बिहान दीदियों ने पेश की प्रेरक मिसाल

धमतरी (वीएनएस)। तालाबों और जलाशयों में उगने वाली अजोला (Azolla) को अक्सर लोग साधारण जलीय वनस्पति समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन धमतरी जिले के नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत अमाली की  आदिवासी बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने इसी अजोला को आजीविका, प्राकृतिक खेती और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बना दिया है। वैज्ञानिक सोच, प्रशिक्षण और सामूहिक प्रयास के बल पर यह पहल अब जिले के लिए प्रेरणादायक मॉडल बनकर उभर रही है।

ग्राम पंचायत अमाली की कृषि सखी एवं बिहान समूह की सदस्य श्रीमती अनिता बाई मरकाम ने प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अपने घर में छोटे-छोटे टैंकों में अजोला का उत्पादन प्रारंभ किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभ में उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी, लेकिन प्रशिक्षण के बाद पशु चिकित्सा विभाग से अजोला का बीज (कल्चर) प्राप्त हुआ। नियमित देखभाल, साफ-सफाई और वैज्ञानिक विधि से उत्पादन करते हुए आज वे लगभग 25 किलोग्राम अजोला तैयार कर चुकी हैं और भविष्य में इसका उत्पादन लगातार बढ़ाने की योजना है।

समूह द्वारा तैयार अजोला का उपयोग धान की खेती में जैविक पूरक के रूप में किया जा रहा है। इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है, नमी का संरक्षण होता है तथा पौधों को आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्व प्राप्त होते हैं। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने की दिशा में यह प्रयोग किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहा है।

अजोला केवल खेती तक सीमित नहीं है। इसका उपयोग पशुपालन, मत्स्य पालन और कुक्कुट पालन में पौष्टिक पूरक आहार के रूप में भी किया जा रहा है। इससे दूध देने वाले पशुओं के पोषण में सुधार, मछलियों की वृद्धि तथा मुर्गी पालन में बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। कम लागत में उपलब्ध यह स्थानीय संसाधन ग्रामीणों की आय बढ़ाने के साथ-साथ उत्पादन लागत घटाने में भी सहायक बन रहा है।

श्रीमती अनिता बाई मरकाम बताती हैं कि पहले अजोला उनके लिए केवल एक नई जानकारी थी, लेकिन आज यही उनके परिवार, समूह की अन्य महिलाओं और आसपास के किसानों के लिए उपयोगी संसाधन बन चुका है। समूह की महिलाएं अपने पशुओं को अजोला खिलाने के साथ-साथ खेती में भी इसका उपयोग कर रही हैं। इससे उन्हें आर्थिक लाभ के साथ प्राकृतिक खेती अपनाने का आत्मविश्वास भी मिला है।

बिहान समूह की महिलाओं का कहना है कि जिस अजोला को पहले महत्वहीन समझा जाता था, वही आज उनके लिए आजीविका का नया आधार बन गया है। सामूहिक प्रयास, प्रशिक्षण और नवाचार की सोच ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। भविष्य में समूह जैविक खाद, वर्मी कम्पोस्ट तथा अन्य मूल्यवर्धित उत्पादों के निर्माण की दिशा में भी कार्य करने की तैयारी कर रहा है। चेतन कुमार नेताम, तुषार यादव ने भी  इनके इस प्रयास में सहयोग किया ।

ग्राम पंचायत अमाली की यह पहल दर्शाती है कि स्थानीय संसाधनों का वैज्ञानिक एवं नवाचारी उपयोग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे सकता है। पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन, महिलाओं की आर्थिक भागीदारी, किसानों की लागत में कमी तथा आत्मनिर्भर ग्रामीण विकास जैसे अनेक सकारात्मक परिणाम इस मॉडल से सामने आ रहे हैं। निश्चित रूप से अमाली की बिहान दीदियों की यह पहल महिला सशक्तिकरण, प्राकृतिक कृषि और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने वाली एक प्रेरक सफलता की कहानी है।



Related News
thumb

ऑनलाइन अटेंडेंस नहीं तो वेतन नहीं! DPI के आदेश से शिक्षकों में हड़क...

छत्तीसगढ़ के लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने प्रदेश के सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है


thumb

रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर बड़ी कार्रवाई, एक रात में पकड़ाए 42 न...

सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए एक ही रात में 42 नशे


thumb

पीएम सूर्य घर योजना से आशीष मजूमदार को मिली बड़ी राहत

प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में आम नागरिकों के लिए आर्थिक राहत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बन


thumb

सहायक ग्रेड-3 भर्ती के लिए पात्र-अपात्र सूची जारी, दावा-आपत्ति 6 अग...

महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला गरियाबंद द्वारा सहायक ग्रेड-3 के नियमित 1 अनारक्षित पद पर सीधी भर्ती के लिए पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की


thumb

राजनांदगांव भाजपा किसान मोर्चा ने सुनी पीएम मोदी की 'मन की बात'

भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, जिला राजनांदगांव द्वारा रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम 'मन की बात' का श्रवण किया गया


thumb

परिवहन सुविधा केंद्रों के लिए पात्र-अपात्र सूची जारी, दावा-आपत्ति 3...

जिला परिवहन कार्यालय गरियाबंद द्वारा जिले में परिवहन सुविधा केंद्रों की स्थापना के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच एवं छंटनी के बाद पात्र एवं अपात्र आव...