अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना से छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए मिलेगा आर्थिक संबल

Posted On:- 2026-08-18




पात्र छात्राओं को प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति, 31 अगस्त तक कर सकेंगी आवेदन

बेमेतरा (वीएनएस)। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा जरूरतमंद छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में आर्थिक सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना 2026-27 की शुरुआत की गई है। योजना के तहत पात्र छात्राओं को स्नातक डिग्री अथवा डिप्लोमा पाठ्यक्रम की पूरी अवधि के लिए प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति राशि का उपयोग ट्यूशन फीस सहित शिक्षा से संबंधित अन्य आवश्यक खर्चों के लिए किया जा सकेगा।

पिछले वर्ष बेमेतरा के 1,050 विद्यार्थियों को मिला योजना का लाभ

अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना का बेमेतरा जिले में भी विद्यार्थियों को व्यापक लाभ मिला है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2025-26 में जिले के 18 शैक्षणिक संस्थानों के कुल 1,050 विद्यार्थियों ने योजना का लाभ प्राप्त किया। इनमें शासकीय महाविद्यालयों के साथ-साथ डाइट, कृषि एवं उद्यानिकी महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के विद्यार्थी भी शामिल रहे।

पिछले वर्ष शासकीय पं. जे.एल.एन. कला एवं विज्ञान स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेमेतरा के 395 विद्यार्थियों को सर्वाधिक लाभ मिला। वहीं शासकीय नवीन महाविद्यालय बेरला के 163, शासकीय ठाकुर महाराज सिंह कॉलेज थान खम्हरिया के 157 तथा लक्ष्मण प्रसाद बैद शासकीय कन्या महाविद्यालय बेमेतरा के 90 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्राप्त हुई। जिले के अन्य शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी भी योजना से लाभान्वित हुए।

कौन छात्राएं कर सकती हैं आवेदन

योजना के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं दोनों किसी पात्र राज्य/केंद्रशासित प्रदेश के सरकारी स्कूल या कॉलेज से नियमित छात्रा के रूप में उत्तीर्ण होना आवश्यक है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त स्नातक डिग्री अथवा डिप्लोमा पाठ्यक्रम, जिसकी अवधि 2 से 5 वर्ष है, के प्रथम वर्ष में नियमित छात्रा के रूप में प्रवेश लिया होना चाहिए। यह प्रवेश भारत के किसी भी राज्य अथवा केंद्रशासित प्रदेश के सरकारी संस्थान या विश्वसनीय एवं प्रमाणित निजी कॉलेज अथवा विश्वविद्यालय में हो सकता है।

छत्तीसगढ़ सहित इन राज्यों की छात्राएं पात्र

योजना के अंतर्गत आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली (एनसीटी), झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पुडुचेरी, राजस्थान, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की पात्र छात्राएं आवेदन कर सकती हैं।

31 अगस्त तक पहले चरण में आवेदन

स्कॉलरशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया दो चरणों में निर्धारित की गई है। पहले चरण में 10 अगस्त 2026 से 31 अगस्त 2026 तक आवेदन किए जा सकते हैं। इसके बाद दूसरे चरण में 10 जनवरी 2027 से 31 जनवरी 2027 तक आवेदन की प्रक्रिया होगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क और ऑनलाइन है। इच्छुक छात्राएं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की निर्धारित वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

आवेदन करते समय छात्राओं को निम्न दस्तावेजों की स्पष्ट एवं रंगीन स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी—

- पासपोर्ट साइज फोटो, जो पिछले 6 माह में खींची गई हो।

- आधार कार्ड।

- बैंक खाते का विवरण—बैंक पासबुक अथवा पिछले एक माह का बैंक स्टेटमेंट।

- कक्षा 10वीं की मूल मार्कशीट।

- कक्षा 12वीं की मूल मार्कशीट।

- प्रवेश का प्रमाण—बोनाफाइड प्रमाणपत्र अथवा ट्यूशन फीस की रसीद।

सभी दस्तावेज PDF/JPG/PNG प्रारूप में होने चाहिए तथा प्रत्येक फाइल का आकार 30 KB से 500 KB के बीच होना चाहिए।

उच्च शिक्षा के सपनों को मिलेगी नई उड़ान

अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना आर्थिक रूप से जरूरतमंद छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा की राह आसान करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। छात्रवृत्ति के माध्यम से ट्यूशन फीस और शिक्षा से जुड़े अन्य खर्चों में सहायता मिलने से छात्राओं को आर्थिक बाधाओं के कारण अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने की स्थिति से बचाने में मदद मिलेगी। बेमेतरा जिले में पिछले वर्ष 1,050 विद्यार्थियों को मिले लाभ से योजना की उपयोगिता और पहुंच का अंदाजा लगाया जा सकता है। पात्र छात्राओं से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की गई है।

अधिक जानकारी या सहायता के लिए स्कॉलरशिप हेल्पलाइन व्हाट्सऐप नंबर: +91 90199 60536 पर संपर्क किया जा सकता है।



Related News
thumb

’’रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री साय ने जिले की बहनों को दी बड़ी सौगात’’

रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री साय ने मंगलवार को बालोद जिले के डौंड...


thumb

राखी का बंधन, खुशियों का संसार-महतारी वंदन से बहनों को संबल अपार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के तहत प्रतिमाह ...


thumb

“राखी के धागे में विश्वास अपार, बहनों के साथ विष्णु भैया की सरकार

महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को मिल रही नियमित आर्थिक सहायता उनके लिए आर्थिक संबल का आधार बन रही है। योजना के तहत प्राप्त राशि से महिलाएं...


thumb

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत महिला सशक्तिकरण व आत्मरक्षा प्रशि...

कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी लुपेंद्र महिनाग के निर्देश में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ ...


thumb

’पी.एम. जवाहर नवोदय विद्यालय सुपगांव में लगा विधिक जागरूकता शिविर, ...

24 आगस्त को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव खिलावन राम रिगरी के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा ...


thumb

’महतारी वंदन योजना से बदली सुखमती पोयाम की जिंदगी’

छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में आर्थिक संबल और आत्मनिर्भरता का नया आधार बन रही है।