बालोद (वीएनएस)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में एक माह तक चलने वाले ’सेवा गतिविधि’ की शुरुआत की गई है। जिसके अंतर्गत आज समाज कल्याण विभाग द्वारा कार्यालय परिसर में दिव्यांगजन सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों और उनके सहायकों ने सहभागिता की।
इस दौरान दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायता एवं आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इस अवसर पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने सभी दिव्यांगजनों और हितग्राहियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दिव्यांगजन सहयोग कार्यक्रम के माध्यम से दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर आवश्यक जांच, प्रमाण-पत्र एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। हमारा उद्देश्य है कि कोई भी पात्र दिव्यांगजन शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में मूक-बधिर संघ जिला बालोद को 59,999 रुपए की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम रेंगनी के जीवन लाल ठाकुर को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। वहीं दल्लीराजहरा के प्रियंक कुमार को जिला बालोद की ओर से दो श्रवण यंत्र प्रदान किए गए।
रक्तदान करने वालों का हुआ सम्मान :
दिव्यांगजन सहयोग कार्यक्रम के दौरान रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। रक्तदान करने वाले व्यक्तियों को प्रमाण-पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 600 दिव्यांगजन एवं उनके सहायक उपस्थित रहे। सभी दिव्यांगजनों एवं उनके सहायकों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष बालोद सरस्वती टेमरिया, जनपद अध्यक्ष गुरूर सुनीता साहू, जनपद अध्यक्ष डौण्डीलोहारा कांति सोनबरसा, राज्य एथेलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष सौरभ लुनिया, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पवन साहू, राकेश (छोटू) यादव, अभिषेक शुक्ला, पुष्पेन्द्र चंद्राकर, टिनेश्वर बघेल, हरीश कटझरे, समीर खान, शाहिद खान, गुलशन साहू, पालक ठाकुर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने आम जनता से आह्वान किया कि वे सभी अपने गाँव, स्कूल, आंगनवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान और बुजुर्गों की सेवा जैसे कार्यों में योगदान दें। उन्होंने सेवा पखवाड़े के तहत होने वाले प्रमुख कार्य व योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत गाँव, सार्वजनिक स्थानों, स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। साथ ही साथ उन्होंने उपस्थित लोगों को वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पौधरोपण कर उनकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के लिए रक्तदान शिविर और नेत्र जांच शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है। जैन ने कहा कि 18 सितंबर से विभिन्न स्कूलों में बच्चों के लिए शैक्षणिक व सेवा-आधारित प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
उत्कृष्ट कार्य का होगा सम्मान :
जैन ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों का सम्मान किया जाएगा। नागरिकों द्वारा किए गए 15 से 25 मिनट के सेवा कार्यों का वीडियो बनाकर जिला प्रशासन (कलेक्टर कार्यालय) को भेजने पर उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा आम जनों से बढ़-चढ़कर इस सेवा अभियान में भाग लेने की अपील की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भगवान विश्वकर्मा जयंती पर श्रम विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन में सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ शामिल...
सेवा संकल्प अभियान के तहत आज कांकेर शहर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह 7 बजे से ठाकुर विश्राम सिंह उद्यान, डडिया तालाब के घाट तथा कलेक्...
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा स...
जिला मुख्यालय सरगुजा से लगभग 61 किलोमीटर दूर विकासखंड सीतापुर स्थित ग्राम पंचायत भुसू के आश्रित ग्राम परसा में जल जीवन मिशन ने वर्षों पुराने पेयजल ...
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) 1.0 की प्रगति को लेकर नगर पालिक निगम अंबिकापुर में आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आ...
शासकीय कन्या क्रीड़ा परिसर अंबिकापुर की छात्राओं ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्था एवं सरगुजा संभाग का नाम गौरवान्वित किया है।