अर्नब चक्रवात की आशंका को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश

Posted On:- 2026-10-27




कलेक्टर विनय कुमार लंगेह - आवश्यकता पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें, सुरक्षा को दें प्राथमिकता

महासमुंद (वीएनएस)। अर्नब चक्रवात की आशंका को देखते हुए महासमुंद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 से 29 अक्टूबर तक चक्रवात का प्रभाव पड़ने की संभावना को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज समय-सीमा की बैठक में सभी विभागों को सतर्क रहने तथा आवश्यक एहतियाती तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा की स्थिति में जनहानि और पशुहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को आपात स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पांस टीम गठित कर तैयार रखने, पुलिस विभाग को सतर्क रहने तथा विद्युत विभाग को संभावित व्यवधानों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ एवं होमगार्ड के जवानों को भी आवश्यकतानुसार तैनात रखने और सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

आपदा संबंधी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और राहत कार्यों के समन्वय के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। आम नागरिक किसी भी आपात स्थिति में 07723-223305 पर संपर्क कर सकते हैं। कलेक्टर ने सभी तहसीलों में भी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

कोटवारों के माध्यम से कराएं मुनादी

कलेक्टर लंगेह ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आम नागरिकों तक समय पर आवश्यक जानकारी पहुंचाने के लिए कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति को देखते हुए सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर आवश्यक संसाधन और अमले की उपलब्धता सुनिश्चित रखें। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए राहत एवं बचाव दल तैयार रहें।

कलेक्टर की नागरिकों से अपील -सुरक्षित रहें, सतर्क रहें

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिलेवासियों से अपील की है कि आगामी तीन दिनों तक विशेष सावधानी बरतें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को गंभीरता से लें। किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय संबंधित कंट्रोल रूम को सूचना दें।

उन्होंने कहा कि सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करना है कि संभावित चक्रवात के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि एवं पशु हानि न हो। जिला प्रशासन स्थिति पर सतत नजर रखे हुए है और नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।



Related News
thumb

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विशेष अभियान: जिले की आंगन...

भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार विशेष अभियान 6.0 के तहत आज जिले की 1955 संस्थाओं में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।


thumb

आपदा में जीवन बचाने के लिए तत्पर रहें जल मित्र : कलेक्टर अग्रवाल

बाढ़ एवं जल दुर्घटनाओं में त्वरित राहत और बचाव के लिए जल मित्रों को तैयार करने आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण का आज समापन हुआ।


thumb

युवा रत्न सम्मान के जिला स्तरीय निर्णायक मंडल में आयुक्त नगर निगम न...

छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवा कल्याण के विभिन्न क्षेत्र में किए गए अविस्मरणीय कार्य, सेवाओं तथा अभिनव प्रयास के लिए सम्मा...


thumb

निकाय चुनावों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली हेतु संशोधित समय-सारणी ...

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य की नगर पालिकाओं के आगामी आम/उप निर्वाचन दिसंबर 2026 के मद्देनजर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने के कार्...


thumb

अग्निवीर भर्ती हेतु शारीरिक दक्षता परीक्षा के पूर्व प्रशिक्षण का आयोजन

भारतीय थल सेना में अग्निवीर की भर्ती 2026-27 हेतु ऑनलाईन लिखित परीक्षा (सी.ई.ई.) उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा हेतु प्रशिक्षण 21 अ...


thumb

पीएम आवास निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, 90 प्रतिशत मकान बनकर तैयार

ग्रामीण परिवारों के पक्के मकान का सपना अब तेजी से हकीकत में बदल रहा है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में दुर्ग जिले में प्रधानमंत्री आवास योज...