दंतेवाड़ा (वीएनएस)। छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा रुप सिंह मंडावी तथा उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा एम.डी. ठाकुर की अध्यक्षता में आज संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में जनजातीय समुदाय के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक विकास के लिए संचालित योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में शिक्षा, कृषि, जल संसाधन, आदिवासी विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा अनुसूचित जनजाति वर्ग के हित में संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। आयोग के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति, पात्र हितग्राहियों तक लाभ की पहुंच तथा लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में जिले में अनुसूचित जनजाति वर्ग के कुल 13 हजार 930 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें से 11 हजार 74 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का भुगतान किया जा चुका है। आयोग द्वारा छात्रवृत्ति वितरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए शेष पात्र विद्यार्थियों को भी समय पर छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। इसी प्रकार सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत जिले की 1,303 अनुसूचित जनजाति वर्ग की बालिकाओं को साइकिल वितरित किए जाने की जानकारी दी गई। अधिकारियों से कहा गया कि शिक्षा से संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचे, ताकि आर्थिक कारणों से किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो। कृषि एवं जल संसाधन विभाग की समीक्षा में जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की जानकारी प्रस्तुत की गई।
बताया गया कि जिले में तालाब, एनीकट एवं व्यपवर्तन सहित कुल 41 निर्मित सिंचाई योजनाओं के माध्यम से 9 हजार 83 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित की गई है। आयोग ने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को ग्रामीण एवं आदिवासी किसानों की आय तथा कृषि उत्पादकता से जोड़ते हुए योजनाओं के प्रभावी उपयोग और रखरखाव पर भी आवश्यक ध्यान देने के निर्देश दिए।
आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा के दौरान वन अधिकार मान्यता पत्रों के वितरण की प्रगति की जानकारी दी गई। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 10 हजार 174 व्यक्तिगत वन अधिकार मान्यता पत्र तथा 1 हजार 698 सामुदायिक वन अधिकार मान्यता पत्र वितरित किए जा चुके हैं। आयोग ने वन अधिकारों से संबंधित प्रकरणों में पात्र हितग्राहियों को शासन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लाभ दिलाने तथा वन अधिकार प्राप्त परिवारों के आजीविका संवर्धन के लिए अन्य विभागीय योजनाओं से बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की प्रगति से भी आयोग को अवगत कराया गया। बताया गया कि जिले में अनुसूचित जनजाति वर्ग के 22 हजार 303 हितग्राहियों के आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 14 हजार 279 परिवारों के आवास निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है। आयोग ने अपूर्ण आवासों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में आ रही समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण कर शेष आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान आयोग ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं, लंबित भुगतानों, आधार सीडिंग तथा अपूर्ण निर्माण कार्यों की स्थिति पर भी अधिकारियों से जानकारी ली। आयोग ने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ प्राप्त हो। इस दिशा में विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। आयोग के अध्यक्ष रुप सिंह मंडावी ने कहा कि अनुसूचित जनजाति समुदाय के विकास के लिए शासन द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की नियमित निगरानी करने और पात्र हितग्राहियों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी न होने देने की अपेक्षा की। उपाध्यक्ष एम.डी. ठाकुर ने भी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में आयोग के सदस्यों सहित जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समीक्षा के अंत में आयोग ने लंबित भुगतानों, आधार सीडिंग, छात्रवृत्ति से जुड़े शेष प्रकरणों तथा अपूर्ण निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिल सके। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनिता भास्कर, आदिवासी विकास सहायक आयुक्त राजीव नाग, एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभाग के विभाग प्रमुख उपस्थित थे।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में एक माह तक चलने वाले ’सेवा गतिविधि’ की शुरुआत की गई है। जिसके अंतर्गत आज समाज कल्याण विभाग द्वारा कार्यालय पर...
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बालोद जिले में जरूरतमंदों एवं दिव्यांगजनों को संबल प्रदान करने सेवा गतिविधि आयोजित की जा रही है।
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ के ध्येय के साथ बालोद जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले विभिन्न सेवा गतिवि...
सेवा संकल्प अभियान के तहत किसानों को आधुनिक एवं उन्नत बागवानी तकनीकों से जोड़ने तथा बागवानी के माध्यम से उनकी आय में वृद्धि के उद्देश्य से राष्ट्रीय...
कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि विभाग गरियाबंद के संयुक्त तत्वावधान में कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में बलराम जयंती के अवसर पर कृषक जागरूकता कार्यक्रम...
राष्ट्रव्यापी स्वच्छता अभियान के तहत गरियाबंद जिले में स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान का औपचारिक आगाज किया गया। अभियान की शुरुआत जिले के प्रसिद्ध एव...