एमसीबी के 778 विद्यालयों में 65,440 विद्यार्थियों सहित 79,200 लोगों ने लिया हिस्सा, चित्रों और भाषणों में दिखी विकसित भारत की परिकल्पना

Posted On:- 2026-09-20




एमसीबी (वीएनएस)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दो दिनों तक विकासखंड स्तर पर आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ विषयक चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं ने जिले के विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं, विचारों और आकांक्षाओं को रचनात्मक अभिव्यक्ति देने का अवसर प्रदान किया। 

रंगों से सजे चित्रों और आत्मविश्वास से व्यक्त किए गए विचारों में विद्यार्थियों ने उस भारत की तस्वीर प्रस्तुत की, जिसे वे भविष्य में देखना चाहते हैं एक ऐसा भारत जो शिक्षित, आत्मनिर्भर, समृद्ध, स्वच्छ, तकनीकी रूप से सक्षम, पर्यावरण के प्रति संवेदनशील और सामाजिक रूप से समरस हो। जिले में इन प्रतियोगिताओं को लेकर विद्यार्थियों में उल्लेखनीय उत्साह देखने को मिला। चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में जिले के 778 विद्यालयों के 65,440 विद्यार्थियों, 12,300 पालकों और 1,460 जनप्रतिनिधियों सहित कुल 79,200 लोगों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ की अपनी परिकल्पना को चित्रों और शब्दों के माध्यम से सामने रखा। व्यापक सहभागिता यह दर्शाती है कि विद्यार्थियों में राष्ट्र, समाज और अपने आसपास के परिवेश को लेकर संवेदनशील सोच विकसित हो रही है।

रंगों में उभरा विकसित भारत का सपना : 

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कागज पर केवल रंग और आकृतियां नहीं उकेरी, बल्कि अपने सपनों के भारत का जीवंत स्वरूप प्रस्तुत किया। किसी चित्र में आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिखाई दी, तो किसी में हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण का संदेश उभरा। अनेक विद्यार्थियों की कल्पना में गांवों का विकास, आधुनिक कृषि, डिजिटल तकनीक, महिला सशक्तिकरण, रोजगार के अवसर, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और आत्मनिर्भर भारत प्रमुखता से दिखाई दिए। इन चित्रों में विकास के साथ प्रकृति संरक्षण और मानवीय संवेदनाओं के प्रति प्रतिबद्धता भी नजर आई।

भाषणों में दिखी राष्ट्र निर्माण की सोच : 

भाषण प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपने विचारों को तार्किक और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का मंच दिया। विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की भूमिका, युवाओं की जिम्मेदारी, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान एवं तकनीक, कृषि विकास, सामाजिक समरसता तथा नागरिक कर्तव्यों जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। उनके वक्तव्यों में यह विश्वास दिखाई दिया कि देश का भविष्य केवल योजनाओं और व्यवस्थाओं से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सक्रिय सहभागिता से भी निर्मित होता है।

सपनों से संकल्प तक की यात्रा : 

‘मेरे सपनों का भारत’ विषय ने प्रतियोगिता को केवल रचनात्मक गतिविधि तक सीमित नहीं रखा, बल्कि विद्यार्थियों को यह सोचने के लिए प्रेरित किया कि वे अपने देश के भविष्य को किस रूप में देखना चाहते हैं और उस भविष्य के निर्माण में उनकी अपनी भूमिका क्या हो सकती है। इस दृष्टि से यह आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रभावी माध्यम बना।

सेवा संकल्प अभियान की मूल भावना सेवा, सहभागिता और समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की प्रक्रिया से जोड़ने की है। इस अभियान से विद्यार्थियों को जोड़ना विशेष महत्व रखता है, क्योंकि आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में समाज और राष्ट्र के नेतृत्वकर्ता बनेंगे। उनके सपनों और विचारों को मंच देना भविष्य के भारत की दिशा को समझने और उसे बेहतर बनाने की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

एमसीबी जिले में हजारों विद्यार्थियों की सहभागिता ने इस अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप प्रदान किया है। हजारों चित्रों में उभरे सपने और विद्यार्थियों द्वारा व्यक्त विचार आने वाले भारत की उस तस्वीर की झलक देते हैं, जिसमें विकास के साथ संवेदना, आधुनिकता के साथ संस्कृति और प्रगति के साथ प्रकृति संरक्षण को समान महत्व प्राप्त है।

इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने एक महत्वपूर्ण संदेश दिया हैकृभारत का भविष्य केवल बड़े सपनों से नहीं, बल्कि उन सपनों को साकार करने के लिए आज से किए जाने वाले छोटे-छोटे संकल्पों से बनेगा। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से एमसीबी  के विद्यार्थियों ने अपने रंगों और शब्दों में इसी संकल्प को अभिव्यक्ति दी है।  



Related News
thumb

‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा ने मो...

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल पावारास में चित्रकला, पेंटिंग एवं विज्ञान...


thumb

किसान क्रेडिट कार्ड से आसान हुई खेती की राह, साहूकारों पर निर्भरता घटी

छिंदगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चिपुरपाल निवासी किसान राजेश कुमार नाग के लिए किसान क्रेडिट कार्ड खेती-किसानी में आर्थिक सहारा बनकर सामने आया है।


thumb

सेवा संकल्प गाथा : छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास नीति ने बदली हिंसा पीड़...

वर्ष 2006 का वह दौर बस्तर के लिए हिंसा और भय की गहरी त्रासदी लेकर आया था। 28 फरवरी 2006 को ग्राम पंचायत दरभागुड़ा के समीप हुए भीषण बम विस्फोट में पर...


thumb

सुकमा में 245 स्थानों पर जले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आशीर्व...

बस्तर की धरती पर शांति, सेवा और सुरक्षा के नए संकल्प को जनभागीदारी से साकार करते हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सुकमा जिले में विशेष दीप प्रज्ज्वल...


thumb

संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता की तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सुकमा में प्रस्तावित संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।


thumb

जिला चिकित्सालय में 56 वर्षीय हिंगा को मिला जीवनदान

असहनीय दर्द और चलने-फिरने से पूरी तरह लाचार 56 वर्षीय हिंगा जब सुकमा के जिला अस्पताल पहुंचे, तो उनके और परिवार के चेहरे पर अनिश्चितता व बेबसी साफ झ...