नए आंगनबाड़ी भवन से बच्चों को मिला बेहतर वातावरण, गर्भवती व शिशुवती महिलाओं के लिए भी बढ़ीं सुविधाएं

Posted On:- 2026-09-20




डिहारीपारा में किराए के एक कमरे की परेशानी से मिली मुक्ति, चार कमरों के नए भवन में पानी और शौचालय की भी सुविधा

अम्बिकापुर (वीएनएस)। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत बांकीपुर के डिहारीपारा में नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन नौनिहालों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव बन रहा है। नए भवन से बच्चों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिला है, वहीं गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को भी केंद्र की सेवाओं के संचालन में सहूलियत हुई है।

किराए के एक कमरे में संचालित होता था आंगनबाड़ी केंद्र : 

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि पहले आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन किराए के मकान के एक कमरे में किया जाता था। सीमित स्थान के कारण बच्चों को एक साथ बैठाकर गतिविधियां कराने और पढ़ाने में परेशानी होती थी। इसी कमरे में केंद्र से जुड़ी अन्य गतिविधियों का संचालन भी किया जाता था। सहायिका को भोजन तैयार करने में भी दिक्कत होती थी। गर्मी और उमस के दिनों में छोटे से कमरे में बच्चों को बैठाना और गतिविधियां संचालित करना और अधिक कठिन हो जाता था।

केंद्र में गर्भवती एवं शिशुवती महिलाएं भी विभिन्न सेवाओं के लिए पहुंचती थीं, लेकिन पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण उनके बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाती थी। ऐसे में लंबे समय से एक सुविधायुक्त आंगनबाड़ी भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

चार कमरों के नए भवन से बदली केंद्र की तस्वीर : 

नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण के बाद अब केंद्र की तस्वीर बदल गई है। नए भवन में चार कमरे उपलब्ध होने से बच्चों के बैठने और विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए पर्याप्त स्थान मिला है। इसके साथ ही शौचालय एवं पानी जैसी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इससे बच्चों को स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण में आंगनबाड़ी सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

पर्याप्त जगह उपलब्ध होने से अब गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं के केंद्र आने पर उनके बैठने में भी सुविधा हो रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भी केंद्र की गतिविधियों को पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक तरीके से संचालित कर पा रही हैं।

बेहतर वातावरण में सीखेंगे और आगे बढ़ेंगे नौनिहाल : 

आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण के साथ उनके प्रारंभिक सीखने और सर्वांगीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। डिहारीपारा में नया भवन बनने से बच्चों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हुआ है। सुविधायुक्त भवन में बच्चों के लिए गतिविधियों का संचालन सहज होने से उनके शुरुआती विकास और सीखने की प्रक्रिया को भी बेहतर आधार मिल रहा है।

सेवा संकल्प अभियान के बीच सामने आया यह बदलाव बताता है कि बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से गांव के बच्चों और महिलाओं के दैनिक जीवन में किस तरह प्रत्यक्ष परिवर्तन आता है। एक कमरे के किराए के भवन से निकलकर सुविधायुक्त नए आंगनबाड़ी केंद्र तक का यह सफर नौनिहालों के उज्ज्वल भविष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने जताई खुशी : 

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि पहले एक कमरे में केंद्र संचालित होने से काफी परेशानी होती थी। बच्चों को पढ़ाने से लेकर सहायिका द्वारा भोजन बनाने तक पर्याप्त जगह नहीं थी। गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं के बैठने की भी उचित व्यवस्था नहीं हो पाती थी। अब चार कमरों का नया भवन बनने से सभी के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध है। पानी और शौचालय जैसी सुविधाएं भी मिलने से केंद्र का संचालन आसान हुआ है उन्होंने नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

सेवा संकल्प से संवर रहा भविष्य : 

डिहारीपारा का नया आंगनबाड़ी भवन केवल एक अधोसंरचना नहीं, बल्कि बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए तैयार किया गया सुविधाजनक केंद्र है। सेवा संकल्प के साथ गांवों तक पहुंच रही ऐसी सुविधाएं नौनिहालों के उज्ज्वल भविष्य को साकार करने के साथ माताओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए भी बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कर रही हैं।



Related News
thumb

मेहनत और समूह से जुड़ाव ने बदली मीनाक्षी की जिंदगी, आज बनीं लखपति दीदी

ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के लिए स्व-सहायता समूह केवल बचत और ऋण का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का मजबूत आधार बन रहे हैं।


thumb

सेवा सेतु : डिजिटल व्यवस्था से मोहन जुमार को मिला आय प्रमाण-पत्र, ...

शासन द्वारा संचालित सेवा सेतु के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराई ज...


thumb

सेवा संकल्प अभियान : तनुश्री ने साझा किया अपने सपनों का भारत

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत के भविष्य को लेकर अपने विचार और कल्पनाएं व्यक्त कर...


thumb

एमसीबी के 778 विद्यालयों में 65,440 विद्यार्थियों सहित 79,200 लोगों...

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दो दिनों तक विकासखंड स्तर पर आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ विषयक चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं ने जिले के विद्यार्थिय...


thumb

विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से कराया अवगत, नशामुक्त समाज क...

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में जन जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर त...


thumb

सेवा संकल्प अभियान : उज्ज्वला योजना से हेमलता के जीवन में आया बदलाव

सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक ब...